त्योहारों पर जोन में एक्टिव रहेगी कम्युनिटी और डिजिटल पुलिसिंग:एडीजी के सख्त निर्देश- समाज के संभ्रांत लोगों से लगातार संवाद रखें अधिकारी
आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों के मद्देनजर बरेली जोन में पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। जोन में कम्युनिटी पुलिसिंग को जमीन पर प्रभावी बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी की। इस वर्चुअल बैठक में मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी सहित बरेली जोन के सभी जिलों के कप्तानों (एसपी/एसएसपी) और अपर पुलिस अधीक्षकों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत होगा कड़ा एक्शन
एडीजी रमित शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान आमजन और समाज के संभ्रांत नागरिकों के साथ निरंतर सीधा संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत तालमेल ही शांति व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। इसके साथ ही, वर्तमान दौर की चुनौतियों को देखते हुए प्रभावी 'डिजिटल संवाद' पर विशेष जोर दिया गया। सभी जिलों की सोशल मीडिया और साइबर सेल को 24 घंटे एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह का तत्काल खंडन कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा सके। नवरात्रि से पहले भरें गड्ढे, 10 अक्टूबर से चालू होगा बिजली कंट्रोल रूम
बैठक के दौरान जिले भर के थाना क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों ने जर्जर सड़कों, चरमराई सफाई व्यवस्था और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। इस पर डीएम ने संबंधित महकमों को त्योहारों से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने का कड़ा अल्टीमेटम दिया। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को नवरात्रि से पूर्व सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश मिले। वहीं, बिजली विभाग को ढीले व लटके तारों को तुरंत दुरुस्त कर 10 अक्टूबर तक विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय करने को कहा गया है। संवेदनशील इलाकों में लगेंगे सीसीटीवी, रावण दहन स्थल पर होगी मजबूत बैरिकेडिंग
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा पंडालों, मेलों और रामलीला मैदानों में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। प्रमुख मंदिरों और पहुंच मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलेगा, जबकि मेलों में लगने वाले झूलों के लिए फिटनेस व प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य रहेगी। रावण दहन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी। अतिसंवेदनशील प्वाइंट्स पर तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। अग्निशमन विभाग को सभी पूजा पंडालों का फायर सेफ्टी ऑडिट करने और मौके पर फायर टेंडर मुस्तैद रखने का जिम्मा सौंपा गया है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन
बैठक में तय ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के उपकरण जब्त कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों में शांति व सौहार्द बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, लेकिन माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले खुराफातियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। बैठक में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसडीएम बहेड़ी ईशिता किशोर सहित सभी तहसीलों के एसडीएम व क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)