त्योहारों पर परिवहन विभाग सख्त, मनमाना किराया नहीं ले पाएंगे:ओवरलोडिंग पर रोक, चालकों का चरित्र सत्यापन हो

Oct 13, 2026 - 14:57
0
त्योहारों पर परिवहन विभाग सख्त, मनमाना किराया नहीं ले पाएंगे:ओवरलोडिंग पर रोक, चालकों का चरित्र सत्यापन हो
अम्बेडकरनगर में दुर्गापूजा, दशहरा और दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। त्योहारों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और सड़क पर बसें खड़ी कर जाम लगाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी। परिवहन विभाग की टीमें भ्रमणशील रहकर यात्री वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित कराएंगी। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सतेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में बैठक हुई। इसमें बस, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि सभी संचालक यात्रियों से निर्धारित दर के अनुसार ही किराया लें। वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करना भी अनिवार्य होगा। निजी बस, टैक्सी और ई-रिक्शा संचालकों को अपने चालकों और परिचालकों का चरित्र सत्यापन कराने तथा उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। सड़क पर बस खड़ी की तो बिगड़ेगी व्यवस्था त्योहारों के दौरान शहर और हाईवे पर जाम की समस्या रोकने के लिए बसों की पार्किंग और ठहराव पर भी निगरानी रखी जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निगम की बसों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर पार्किंग और अवैध ठहराव रोकने को कहा गया है। यात्रीकर अधिकारी सुरेंद्र सिंह को भ्रमणशील रहकर सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्धारित बिंदुओं की निगरानी करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। विभाग का जोर त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने, किराया वसूली में मनमानी रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर है। बैठक में यातायात निरीक्षक जय बहादुर यादव, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सिंह, अली कौशर, भारत बस सर्विस के मुज्जमिल अब्बास, राजा और ट्रांसपोर्टर नरसिंह यादव सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User