उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में ई-गवर्नेंस को मिली गति:निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने किया नव-निर्मित कंप्यूटर केंद्र का शुभारंभ
उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में प्रशासनिक व्यवस्था को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। निदेशालय परिसर में नए सिरे से निर्मित और विस्तारित कंप्यूटर केंद्र का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने किया। निदेशक ने कहा कि नव-निर्मित कंप्यूटर केंद्र को पूर्व की तुलना में काफी अधिक स्थान और उन्नत संसाधनों के साथ विकसित किया गया है। इस विस्तार से निदेशालय की कार्यप्रणाली पूरी तरह से ऑनलाइन और तकनीक-संचालित हो गई है। केंद्र के चालू होने से ई-ऑफिस व्यवस्था के जरिए कार्यालयीय पत्रावलियों और फाइलों के त्वरित निस्तारण में सीधी मदद मिलेगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होगा। इसके साथ ही, राज्य सरकार एवं उच्च शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टल्स का केंद्रीयकृत संचालन इसी केंद्र से संपादित किया जाएगा। इनमें समर्थ पोर्टल, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM), सीएम डैशबोर्ड, डिजी शक्ति पोर्टल, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS), मानव संपदा पोर्टल तथा कर्मयोगी पोर्टल से संबंधित सभी तकनीकी गतिविधियां आसानी से निस्पादित होगी। कोषागार (Treasury) से जुड़े वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों को भी इसी केंद्र के माध्यम से अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा। विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की निगरानी और विभागीय समन्वय को भी इससे नई गति मिलेगी। प्रशासनिक सुधारों के साथ-साथ यह केंद्र विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। केंद्र के अंतर्गत उच्च शिक्षा निदेशालय के ई-कंटेंट स्टूडियो को सीधे तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल शैक्षणिक सामग्री तैयार करने, विषय-विशेषज्ञों के व्याख्यानों की रिकॉर्डिंग, संपादन और उनके त्वरित ऑनलाइन प्रसार का काम सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगा। उद्घाटन समारोह में निदेशालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिनमें संयुक्त निदेशक डॉ. शशि कपूर, सहायक निदेशक डॉ. विष्णु मिश्रा व डॉ. अजीत सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. सुशील बाबू तथा कंप्यूटर केंद्र के प्रभारी श्री राघवेंद्र सिंह शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)