उधारी के रुपये को लेकर मंडी में हंगामा:व्यापारी को दो घंटे चली पंचायत के बाद दो दिन का समय, दस्तावेज लेकर कोतवाली बुलाया

Sep 25, 2026 - 16:25
0
उधारी के रुपये को लेकर मंडी में हंगामा:व्यापारी को दो घंटे चली पंचायत के बाद दो दिन का समय, दस्तावेज लेकर कोतवाली बुलाया
मैनपुरी की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार रात उधारी के रुपये को लेकर व्यापारियों ने हंगामा किया। उन्होंने जसवंतनगर निवासी दीपक गुप्ता को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। यहां करीब दो घंटे तक व्यापारियों और दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली। इसके बाद दीपक गुप्ता को दो दिन का समय देकर छोड़ दिया गया। दोनों पक्षों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। जसवंतनगर निवासी दीपक गुप्ता पुत्र गिरीश चंद्र गुप्ता की 'दीपक फ्लावर्स मिल' नाम से एक मिल चलती है। शहर के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी व्यापारी प्रशांत गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2025 से दीपक गुप्ता को करीब 2 करोड़ 53 लाख रुपये का धान बेचा था। प्रशांत गुप्ता के अनुसार, इस रकम में से करीब 13.50 लाख रुपये का भुगतान अभी बाकी है। उन्होंने कई बार यह बकाया राशि मांगी, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। गुरुवार को जब दीपक गुप्ता मंडी में धान खरीदने पहुंचे, तो व्यापारियों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। व्यापारियों ने प्रशांत गुप्ता के बकाया रुपये दिलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दीपक गुप्ता और प्रशांत गुप्ता को कोतवाली बुलाया। करीब दो घंटे चली पंचायत के बाद दीपक गुप्ता को दो दिन का समय दिया गया। पुलिस ने उन्हें संबंधित दस्तावेज लेकर दोबारा कोतवाली आने को कहा है। प्रशांत गुप्ता ने बताया कि दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान व्यापारी नेता अहिवरन सिंह राजपूत, मंडी अध्यक्ष उपदेश यादव, प्रेम विलास सिंह यादव, बबलू यादव, रोहित यादव, अरविंद यादव, वोट सिंह यादव, विनोद कुमार और आकाश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User