उज्बेकिस्तानी महिला को अवैध रूप से बसाने वाला युवक गिरफ्तार:फर्जी आधार-पैन और एटीएम बरामद, डिपोर्ट होने से बचाने के लिए लाया था घर

Oct 10, 2026 - 08:17
0
उज्बेकिस्तानी महिला को अवैध रूप से बसाने वाला युवक गिरफ्तार:फर्जी आधार-पैन और एटीएम बरामद, डिपोर्ट होने से बचाने के लिए लाया था घर
रायबरेली के सलोन पुलिस ने उज्बेकिस्तान की एक विदेशी महिला को अवैध रूप से भारत में निवास कराने और उसके लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उज्बेकिस्तान के फरगोना शहर की रहने वाली मदीना खों निशोनोवा ई-टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी, जिसका वीजा 23 अक्टूबर 2025 को ही खत्म हो चुका था। इसके बाद भी वह दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में रह रही थी। सलोन थाने में उपनिरीक्षक अर्चित अग्रवाल की तहरीर पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया और डिपोर्ट की प्रक्रिया शुरू की गई। विवेचना के दौरान इस मामले में प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज पुरवा मजरे बसंतगंज जेवईं चौकी रानीगंज निवासी राशिद उर्फ समीर का नाम सामने आया। पूछताछ में उसने बताया कि दिल्ली में नौकरी की तलाश कर रही विदेशी महिला से उसका संपर्क हुआ था। मदद के नाम पर उसने महिला के साथ मिलकर भारतीय निवास संबंधी दस्तावेज तैयार कराए और उन्हीं के आधार पर उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम बनवा दिया। महिला इन्हीं दस्तावेजों से कमाई करती थी और कुछ पैसा आरोपी को भी देती थी। आरोपी ने बताया कि महिला का पासपोर्ट और वीजा काफी समय पहले खत्म हो चुका था, इसलिए डिपोर्ट से बचाने के लिए वह उसे अपने घर ले आया था। महिला की गिरफ्तारी के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने उसका सैमसंग फोल्ड मोबाइल अपने पास रखकर उसमें मौजूद चैट, फोटो और दस्तावेज डिलीट कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक रुपे डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक सैमसंग फोल्ड मोबाइल फोन और तीन पासपोर्ट व वीजा की छायाप्रति बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामभवन चौधरी, मोहित कुमार, कांस्टेबल ओम शुक्ला और महिला कांस्टेबल नीलम यादव शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User