उन्नाव-हरदोई मार्ग पर गोवंशों का जमावड़ा:डीएम के निर्देशों के बावजूद सड़कों पर गोवंश, संरक्षण के दावों पर सवाल, CVO बोले टैगिंग होगी
उन्नाव में गोवंशों को संरक्षित करने के लिए जिले में गोशालाओं के संचालन और उन्हें सड़कों से हटाकर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं। इसके बावजूद फतेहपुर चौरासी ब्लॉक क्षेत्र में उन्नाव-हरदोई मुख्य मार्ग समेत अन्यज सड़कों पर गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। वहीं, वाहन की टक्कर से गोवंश भी चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्र में करीब नौ अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल संचालित होने के बावजूद सड़कों पर गोवंशों कीउ मौजूदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। डीएम कि ओर से गोवंशों के संरक्षण और उनके समुचित रखरखाव के निर्देश दिए जाते रहे हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा भी अधिकारियों की बैठकों में गोवंश संरक्षण को लेकर निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद फतेहपुर चौरासी ब्लॉक क्षेत्र की सड़कों पर गोवंशों का खुलेआम घूमना संबंधित विभागों और ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय स्तर पर गोवंशों को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने के लिए अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन मुख्य मार्गों पर बड़ी संख्या में गोवंश दिखाई देने से इन दावों की हकीकत सामने आती है। सड़क पर बैठे या अचानक सामने आ जाने वाले गोवंशों के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, वाहनों की चपेट में आने से कई गोवंश घायल हो जाते हैं। गंभीर रूप से चोटिल गोवंशों के इलाज और देखभाल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोवंशों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए नियमित अभियान चलाने की जरूरत है। साथ ही गोशालाओं में उनकी क्षमता, चारे-पानी और रखरखाव की व्यवस्था की निगरानी भी जरूरी है, ताकि गोवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर न हों। हाल ही में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने सड़क पर गोवंश मिलने के मामलों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)