उन्नाव में महिला की मौत, हत्या का आरोप:3 साल पहले हुई थी शादी, पति की पहली पत्नी रहती है अलग
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के माखी गांव में 21 वर्षीय विवाहिता की रविवार रात करीब दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रति राठौर उर्फ काजल पत्नी राज कुमार राठौर के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों के मुताबिक, प्रति राठौर की शादी करीब तीन साल पहले राज कुमार राठौर से हुई थी। पति की आइसक्रीम बनाने की फैक्ट्री है। मायके पक्ष का कहना है कि राज कुमार की यह दूसरी शादी थी और उसकी पहली पत्नी उससे अलग हो चुकी थी। दंपती का एक बेटा आदित्य है। मृतका का मायका उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के करोवन गांव में है। बयान देते हुए मृतका की बुआ ने आरोप लगाया कि प्रति को करीब डेढ़ साल से परेशान किया जा रहा था। उसके पैर जलने के बाद इलाज कराया गया था और शिकायत भी दी गई थी। इसके बाद परिजनों ने समझौते के तहत उसे ससुराल भेज दिया था। बुआ का कहना है कि इसके बावजूद उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न जारी रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले चार-पांच दिनों से प्रति को ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा था। वह मायके आने से भी हिचक रही थी। परिजनों के अनुसार, वह कहती थी कि बार-बार मायके आकर अपने गरीब पिता को परेशान नहीं करना चाहती। बुआ ने यह भी आरोप लगाया कि घटना वाली रात प्रति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई और बाद में दुपट्टे से फंदे पर लटका दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी रात करीब ढाई बजे मिली। सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मायके पक्ष की महिलाओं ने मीडिया के सामने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि पहले भी समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद विवाहिता की सुरक्षा नहीं हो सकी। मृतका के परिजनों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि प्रति की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि हत्या है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)