उन्नाव में पुलिया से टकराकर बाइक गिरी, पिता की मौत:चाट का ठेला लगाकर परिवार पालता था , 5 साल का बेटा गंभीर घायल

Oct 14, 2026 - 07:24
0
उन्नाव में पुलिया से टकराकर बाइक गिरी, पिता की मौत:चाट का ठेला लगाकर परिवार पालता था , 5 साल का बेटा गंभीर घायल
उन्नाव में मंगलवार रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार सुनील राठौर (30) की मौत हो गई, जबकि उनका पांच वर्षीय बेटा आयु गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को मियागंज सीएचसी पहुंचाया। वहीं, काफी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकाले गए सुनील को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना आसीवन थाना क्षेत्र का है। कुरसठ ग्रामीण के मजरा रसूलपुर निवासी सुनील राठौर पुत्र रामखेलावन मंगलवार रात अपने बेटे आयु के साथ बाइक से कादिरपुर की ओर जा रहे थे। कादिरपुर-जहांगीर नगर संपर्क मार्ग पर दोनों गांवों के बीच स्थित ऊंची पुलिया पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। इसके बाद सुनील बाइक समेत नाले में भरे पानी में जा गिरे, जबकि आयु नाले के किनारे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आयु को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर अभिषेक चक्रवर्ती ने बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुनील को नाले से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस के चालक सुजीत और ईएमटी आकाश उन्हें मियागंज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चाट का ठेला लगाकर चलाता था परिवार सुनील कस्बा कुरसठ में चाट का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पत्नी प्रियंका उर्फ कोमल और दो बेटों आयु (5) व किट्टू के साथ रसूलपुर में रहता था। उसके माता-पिता हेमावती और रामखेलावन घरेलू विवाद के चलते कुरसठ के मोहल्ला हबीबनगर बाजार में किराये के मकान में रहते हैं। मंगलवार को सुनील अपने बेटे आयु को लेकर माता-पिता से मिलने कुरसठ गया था। वहां से लौटते समय कादिरपुर और जहांगीर नगर के बीच पुलिया पर हादसा हो गया। पुलिस ने सुनील की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, सुनील अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User