सीतापुर में बीएसए के निरीक्षण में दो स्कूल बंद मिले:19 शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोका, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों पर निलंबन की कार्रवाई

Oct 14, 2026 - 07:24
0
सीतापुर में बीएसए के निरीक्षण में दो स्कूल बंद मिले:19 शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोका, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों पर निलंबन की कार्रवाई
सीतापुर में परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था सुधारने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने मंगलवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो विद्यालय बंद मिले, जबकि एक स्कूल में सभी शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। लापरवाही पर इंचार्ज प्रधानाध्यापकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने और करीब 19 शिक्षकों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। बीएसए ने बेहटा विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय हजरतपुर का निरीक्षण किया। यहां कोई शिक्षक उपस्थित नहीं मिला। बीएसए ने छात्र-छात्राओं और अन्य कर्मचारियों के साथ प्रार्थना कराई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार राजवंशी का एक दिन का वेतन रोकने और निलंबन की कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सुबह 9:18 बजे सहायक अध्यापिका जया लक्ष्मी विद्यालय पहुंचीं। स्कूल के आठ सहायक अध्यापकों, दो शिक्षामित्रों और दो अनुदेशकों समेत अन्य अनुपस्थित कर्मचारियों का भी एक दिन का वेतन रोकने और नोटिस जारी करने को कहा गया। सुबह 9:30 बजे प्राथमिक विद्यालय इस्माइलगंज बंद मिला। बच्चे गेट के बाहर शिक्षकों का इंतजार कर रहे थे। बच्चों ने बताया कि शिक्षक सुबह 10 बजे के बाद आते हैं। इस पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक अभिषेक जसवानी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने और तीन अन्य कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सुबह 9:57 बजे प्राथमिक विद्यालय सुमेर में बच्चों से हिंदी के शब्द लिखवाकर उनकी शैक्षिक स्थिति परखी गई। यहां हैंडवॉश, शौचालय, रंगाई-पुताई, बिजली और पंखों की व्यवस्था दिवाली से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। बीएसए ने रेउसा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय दरियाना में बच्चों से गणित के सवाल हल कराए और साफ-सफाई के निर्देश दिए। उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसैया में अनुपस्थित दो शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने को कहा गया। रमुवापुर में सफाई की समस्या दूर कराने और बेहटा के उच्च प्राथमिक विद्यालय ढाखिन में अनुपस्थित शिक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User