उन्नाव में तेज हवाओं के साथ बारिश:स्कूल-दफ्तर जाने वालों को हुई परेशानी, गर्मी से मिली राहत

Oct 08, 2026 - 08:51
0
उन्नाव में तेज हवाओं के साथ बारिश:स्कूल-दफ्तर जाने वालों को हुई परेशानी, गर्मी से मिली राहत
उन्नाव जिले में बुधवार देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहा। गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय सड़कों पर पानी और मौसम खराब होने से स्कूल-दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार देर रात से ही उन्नाव शहर, शुक्लागंज, बांगरमऊ, नवाबगंज, मियागंज, सफीपुर समेत जिले के कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलती रहीं। इसके बाद रुक-रुककर बारिश होती रही। रात में बारिश का दौर थमने के बाद गुरुवार सुबह करीब सात बजे अचानक फिर से तेज बारिश शुरू हो गई। इससे सुबह के समय घरों से निकलने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य स्थानों पर रुकते नजर आए। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह सात बजे तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों की तुलना में तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान कम होने से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। सुबह बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चलती रहीं। इससे सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोग बारिश से बचने के लिए रेनकोट और छाते का सहारा लेते दिखाई दिए। वहीं, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी मौसम खराब होने के कारण समय पर पहुंचने में दिक्कत हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर दिखाई दिया। खेतों में खड़ी फसलों पर बारिश का असर पड़ने की संभावना है। वहीं, लगातार बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी बढ़ सकती है। शहर के कुछ हिस्सों में सड़क किनारे पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली। लेकिन लगातार तेज हवाओं और बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों की नजर अब अगले कुछ दिनों के तापमान और बारिश की स्थिति पर बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User