प्रयागराज के झूंसी में हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार:15 हजार के लिए दोस्त ने की थी वारदात, शराब पिलाने के बाद ताबड़तोड़ चापड़ मारे थे
प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र के लोटा नाला में मिले युवक शांतनु दुबे के शव के मामले में झूंसी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया पुलिस के अनुसार मृतक शांतनु दुबे निवासी झूंसी कोहना ने करीब पांच माह पहले उज्जवल सेन गुप्ता को लगभग 15 हजार रुपये उधार दिए थे। शांतनु लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था। पुलिस का दावा है कि रुपये वापस न करने के लिए उज्जवल सेन गुप्ता ने अपने साथियों अखिलेश भारतीया उर्फ छोटू और दिव्यांश निषाद उर्फ हर्ष निषाद के साथ मिलकर शांतनु की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से शांतनु को रात में एक स्थान पर बुलाया। वहां उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया। इसके बाद शव को नाले में फेंककर आरोपी फरार हो गए। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए थे साक्ष्य 6 अक्टूबर को नाले में शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया। आगे की विधिक कार्रवाई जारी जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 7 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर लोटा नाला, सोहन आश्रम के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 19 से 23 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक नरेश कुमार,थाना प्रभारी झूंसी,वरिष्ठ उपनिरीक्षक ताराचन्द्र,उपनिरीक्षक हरिशंकर मिश्रा,चौकी प्रभारी नई झूंसी, उपनिरीक्षक सचिन तंवर,चौकी प्रभारी छतनाग, कांस्टेबल सौरभ प्रसाद और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार अखिलेश भारतीया उर्फ छोटू और दिव्यांश निषाद उर्फ हर्ष निषाद का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)