UPI पर 0.4% शुल्क के विरोध में उतरे व्यापारी:आगरा जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, छोटे कारोबारी के व्यापार पर पड़ेगा असर
UPI से भुगतान लेने पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क के विरोध में आगरा व्यापार मंडल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को ज्ञापन सौंपकर ₹2,000 से अधिक के सामान्य व्यापारी UPI लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4% शुल्क लागू नहीं करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि इससे छोटे और मध्यम कारोबारियों की लागत बढ़ेगी और उनके मुनाफे पर असर पड़ेगा। व्यापारियों ने कहा- सुविधा को महंगा न बनाए सरकार आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि UPI ने डिजिटल भुगतान को आसान और पारदर्शी बनाया है। ग्राहक ऑनलाइन भुगतान करते हैं, लेकिन प्रस्तावित MDR शुल्क का बोझ भुगतान लेने वाले व्यापारियों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना चाहिए, न कि इसे व्यापारियों के लिए अतिरिक्त खर्च का कारण बनाना चाहिए। नकद लेन-देन बढ़ने की जताई आशंका व्यापारी संदीप गुप्ता और दिलीप खूबचंदानी ने कहा कि UPI पर शुल्क लगाने से लोग दोबारा नकद भुगतान की ओर लौट सकते हैं। इससे डिजिटल लेन-देन में कमी आने की आशंका है। वहीं, अमित मोरियानी ने कहा कि UPI से भुगतान की प्रक्रिया आसान होती है और समय की बचत होती है। शुल्क लागू होने से कारोबार की लागत बढ़ सकती है। छोटे कारोबारियों के मुनाफे पर पड़ेगा असर राकेश बंसल और राजेश अग्रवाल ने कहा कि किराना, कपड़ा, हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवा और खाद्यान्न जैसे कारोबार सीमित मुनाफे पर चलते हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगने से व्यापारियों के लाभ पर असर पड़ सकता है। राजीव गुप्ता और साहूकार सिंह चाहर ने भी UPI को कम लागत वाली भुगतान व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। ज्ञापन में रखीं ये मांगें आगरा व्यापार मंडल ने मांग की कि सामान्य व्यापारी UPI लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4% MDR शुल्क लागू न किया जाए। छोटे व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान प्रोत्साहन और छूट योजना शुरू की जाए। साथ ही, नई व्यवस्था लागू करने से पहले व्यापारिक संगठनों से चर्चा की जाए और व्यापारियों की समस्याओं का अध्ययन कराया जाए। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान महामंत्री अशोक मंगवानी, नरेंद्र बंसल, जय किशन पुरसनानी, संदीप गुप्ता, राकेश अग्रवाल, राजेश सिंघल, राजीव गुप्ता, संजीव अग्रवाल, दिलीप कुमार, अनूप बंसल, राजेश सिंह, गोविंद राम, अशोक ललवानी, योगेश रघवानी, अंशुल अग्रवाल, अनुराग अरोड़ा, महावीर प्रसाद, साहूकार सिंह चाहर, राजीव अग्रवाल और अमित मोरियानी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)