UPSSSC ने 1784 पदों का नोटिफिकेशन जारी किया:आवेदन 10 नवंबर से शुरू होंगे, सबसे अधिक 525 VDO के पद

Oct 16, 2026 - 20:32
0
UPSSSC ने 1784 पदों का नोटिफिकेशन जारी किया:आवेदन 10 नवंबर से शुरू होंगे, सबसे अधिक 525 VDO के पद
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा (इंटरमीडिएट स्तरीय) मुख्य परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। विभिन्न विभागों में कुल 1784 पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग ने 16 अक्टूबर को विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होकर 1 दिसंबर तक चलेगी। आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन का अंतिम अवसर 8 दिसंबर तक मिलेगा। कितने पदों पर होगी नियुक्ति इस भर्ती में सबसे अधिक रिक्तियां ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) के 525 पदों पर हैं, जबकि ग्राम पंचायत अधिकारी के 508 पद शामिल हैं। वाणिज्य कर संग्रह अमीन के 235, भूमि अर्जन अमीन के 187 और समाज कल्याण पर्यवेक्षक के 137 पदों पर भी चयन होगा। साथ ही सारणीयक, गृहमाता, फार्म लिपिक और बिक्रीकर्ता के पद भी शामिल हैं। कौन कर सकेगा आवेदन मुख्य परीक्षा के लिए केवल वही अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट होंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) दी हो और जिनके पास आयोग द्वारा जारी वैध स्कोर हो। शून्य या नकारात्मक अंक वाले अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक जैसे कुछ पदों के लिए NIELIT से सीसीसी (CCC) प्रमाणपत्र भी आवश्यक है। आयु सीमा और शुल्क अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित है। फार्म लिपिक पद के लिए आयु सीमा 21 से 30 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी। आवेदन के समय सभी वर्गों के अभ्यर्थियों से 25 रुपये ऑनलाइन प्रक्रिया शुल्क लिया जाएगा। मुख्य परीक्षा का शुल्क केवल शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों से बाद में लिया जाएगा। परीक्षा कैसी होगी मुख्य परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे रहेगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर 25 प्रतिशत निगेटिव मार्किंग का प्रावधान होगा। मुख्य परीक्षा की तिथि आयोग द्वारा बाद में घोषित की जाएगी। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई पात्रता, पदवार योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया संबंधी शर्तें अच्छी तरह पढ़ लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User