वाराणसी में आज नितिन नवीन और योगी की जनसभा:500 बाइकर्स से PM बात करेंगे, मोदी के 25 साल पूरे; बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक होगा

Oct 07, 2026 - 08:48
0
वाराणसी में आज नितिन नवीन और योगी की जनसभा:500 बाइकर्स से PM बात करेंगे, मोदी के 25 साल पूरे; बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक होगा
वाराणसी में बुधवार को पीएम मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा। गुजरात के वडनगर से निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार शाम ही काशी पहुंच चुकी है। करीब 500 बाइक यात्री शहर के मैदागिन से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर वडनगर की नदियों और गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद शहर से करीब 10 किमी दूर रोहनिया इलाके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा होगी, जहां 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे। काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा होगी। सुबह 9 बजे पीएम लाइव संबोधित करेंगे बाइक सेवा यात्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में सुबह 9 बजे बस से पहुंचेंगे। वहां सभागार में उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच पीएम मोदी के लाइव संबोधन को LED स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। यहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जलाभिषेक करने जाएंगे। 800 लोगों का जत्था करेगा बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक पैदल यात्रा में आगे वडनगर की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश, कुल 22 कलश रहेंगे। इनके साथ 51 महिलाएं चलेंगी। भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री भी शामिल होंगे। कुल संख्या करीब 800 रहेगी। सभी बाबा विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 से प्रवेश करेंगे। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसके बाद यात्री पैदल मैदागिन लौटेंगे और बस से गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे। दोपहर का भोजन करने के बाद दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा में शामिल होंगे। काशी में दोपहर 2.30 बजे नितिन नवीन की पहली जनसभा दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में नितिन नवीन की जनसभा होगी। अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा है। पार्टी ने इसमें 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की है। जनसभा को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया है। पार्टी के झंडे और होर्डिंग लगाए जा चुके हैं। जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव, गली और चौराहों तक पहुंचकर लोगों को जनसभा में आने का निमंत्रण दे चुके हैं। 8 अक्टूबर को नितिन नवीन 8 बैठकें करेंगे नितिन नवीन पहले दिन जनसभा के बाद दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद अगले दिन 8 अक्टूबर को वाराणसी के रोहनिया स्थित गोकुल धाम रिजॉर्ट में काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों के सासंद, विधायक, एमएलसी की बैठक करेंगे। इसके बाद जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। महिला मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा की अलग बैठक करेंगे। भाजपा युवा मोर्चा की बैठक में युवाओं को गुर सिखाएंगे। सड़क, घर-घर अभियान के अलावा मोबाइल पर मजबूती के लिए भाजपा के फ्रंटल और मीडिया मैनेजमेंट और आईटी सेल के पदाधिकारियों संग बैठक करेंगे। भाजपा के बुजुर्ग और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। ये 8 बैठकें चार-चार के शिफ्ट में होगीं। इसके बाद नितिन नवीन दिल्ली वापस लौट जाएंगे। 8 अक्टूबर को अयोध्या रवाना होंगे बाइक यात्री सेवा संकल्प बाइक यात्रा के अगले चरण में 8 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या से यात्रा दिल्ली पहुंचेगी, जहां से सभी यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। ------------------------------- ये खबर भी पढ़िए- अखिलेश हिरासत में, यूपी में सड़कों पर उतरे सपाई:आगरा में झड़प, पुलिसवाले ने थप्पड़ मारे; लखनऊ में सड़क पर घसीटा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में 19 विपक्षी पार्टियों के सेव डेमोक्रेसी मार्च को पुलिस ने रोक दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User