वाराणसी शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव में 34 उम्मीदवार मैदान में:किसी ने नहीं लिया पर्चा वापिस, 23 अक्टूबर को मतदान, 27 को होगी मतगणना
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार द्वारा पर्चा वापस न लेने के कारण अब कुल 34 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रशासन ने सभी वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतों की गणना की जाएगी। मंडलायुक्त कोर्ट से वैध प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा होने के बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी वैध उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देकर निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है। साथ ही आम जनता और प्रत्याशियों की जानकारी के लिए इसे विकास भवन और कलेक्ट्रेट के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा कर दिया गया है। स्नातक सीट पर 24 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला वाराणसी खंड स्नातक सीट पर इस बार बेहद दिलचस्प और बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस सीट के लिए कुल 24 प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने जहां इस सीट से केदार नाथ सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने मौजूदा एमएलसी आशुतोष सिन्हा पर दांव खेला है। इन दोनों प्रमुख दलों के अलावा 22 अन्य प्रत्याशी भी चुनावी समर में ताल ठोक रहे हैं। स्नातक सीट के वैध उम्मीदवारों में केदार नाथ सिंह (भाजपा), आशुतोष सिन्हा (सपा), राजकुमार दुबे, अरविंद कुमार, अरविंद कुमार सिंह, आशीष कुमार तिवारी, ओमप्रकाश सिंह, कृष्णचंद्र, चंद्र प्रकाश गुप्त, चंद्रजीत सिंह यादव, तुषार गोस्वामी, दिनेश, देव कुमार, धनंजय कुमार उपाध्याय, पारस सिंह यादव, पंकज कुमार सिंह, प्रीति सिंह, बेनी माधव, मनोज कुमार वर्मा, राकेश कुमार श्रीवास्तव, रंजीत कुमार, वहीदुल्लाह खान, सुनील कुमार यादव और सुशील कुमार सिंह शामिल हैं। शिक्षक सीट पर आमने-सामने होंगे 10 प्रत्याशी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 10 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इस सीट पर भी भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर होने की उम्मीद है। भाजपा ने यहां से प्रमोद कुमार मिश्र को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि सपा की ओर से मौजूदा एमएलसी लाल बिहारी यादव मैदान में हैं। शिक्षक सीट के सभी वैध उम्मीदवार - प्रमोद कुमार मिश्र (भाजपा), लाल बिहारी यादव (सपा), अवधेश सिंह, ऋतिका दुबे, चेत नारायण सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह पटेल, धर्मेंद्र कुमार, फरीद अंसारी, सुधांशु शेखर और संजय प्रियदर्शी। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम जिला प्रशासन ने मतदान और मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा खाका तैयार किया है। वाराणसी के पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एयर शॉक टीम और गंगा नदी के दोनों तटों पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो। वोटर आईडी नहीं तो परेशान न हों, ये 10 वैकल्पिक दस्तावेज भी होंगे मान्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। यदि किसी मतदाता के पास आधिकारिक वोटर कार्ड (मतदाता पहचान पत्र) उपलब्ध नहीं है, तो वे परेशान न हों। मतदान केंद्र पर अपनी पहचान साबित करने के लिए प्रशासन ने 10 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों को मान्यता दी है। मतदाता इनमें से कोई भी एक आईडी दिखाकर अपना वोट डाल सकते हैं। 1. आधार कार्ड
2. ड्राइविंग लाइसेंस (DL)
3. पैनकार्ड (PAN Card)
4. पासपोर्ट
5. कार्यस्थल (सरकारी/अर्धसरकारी) का पहचान पत्र
6. सांसद, विधायक या पार्षदों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र
7. शैक्षिक संस्थाओं द्वारा जारी वैध पहचान पत्र
8. विश्वविद्यालय (University) द्वारा जारी आईडी कार्ड
9. सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण पत्र
10. यूनिक डिसएबिलिटी कार्ड (UDID)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)