वायरल वीडियो प्रकरण के बाद मेरठ की CCSU में सख्ती:अब बिना पास-टोकन वाहनों को नहीं मिलेगी एंट्री, बढ़ेगी सुरक्षा गार्डों की गश्त
मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में हाल ही में हुए छात्रों के दो गुटों में विवाद और वायरल वीडियो प्रकरण के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। अब विश्वविद्यालय परिसर में बिना वैध पास या निर्धारित टोकन के किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने वाहनों के लिए पास बनवाना होगा, जबकि बाहरी वाहनों को प्रवेश से पहले टोकन लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सुरक्षा गार्डों की गश्त बढ़ाई जाएगी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी का दायरा भी विस्तृत किया जाएगा। गुरुवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा संबंधी बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि परिसर की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परिसर में आने वाले वाहनों की पहचान और प्रवेश संबंधी विवरण सुनिश्चित किए जाएंगे। स्टाफ के वाहनों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पास जारी होंगे। बाहरी वाहनों को प्रवेश के लिए टोकन लेना होगा। बिना पास या टोकन के आने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है। बढ़ेगी गश्त, नए स्थानों पर लगेंगे CCTV कैमरे बैठक में विश्वविद्यालय परिसर की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा गार्डों की गश्त और सक्रियता बढ़ाई जाएगी। जिन स्थानों पर अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इससे परिसर में आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य विश्वविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा कर्मियों को भी नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)