सपा और राहुल गांधी फर्जी नैरेटिव गढ़ रहे:भाजपा विधायक बोले- नेहा बोरा अपने जीवन में कभी झांसी की रानी या बेगम हजरत महल नहीं बन पाएंगी
गोंडा के कटरा बाजार से भाजपा विधायक बावन सिंह ने गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को आरोप लगाना ही है। लोकसभा चुनाव में पार्टी को 37 सीटें मिली थीं। अगर मतदाता सूची में गड़बड़ी होती, तो उसे इतनी सीटें कैसे मिलतीं? विधायक ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची को शुद्ध करने का काम किया गया है। इसमें कहीं भी कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर फर्जी नैरेटिव गढ़कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने का किया था दावा बावन सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के खातों में एक-एक लाख रुपये डाले जाने का दावा किया गया था। उन्होंने कहा कि टीवी पर महिलाओं को फॉर्म लेकर इधर-उधर भागते हुए देखा गया था। उन्होंने संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। विधायक ने सवाल किया कि संविधान कहां बदला गया और आरक्षण कहां खत्म किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी इन मुद्दों पर फर्जी नैरेटिव बनाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। नेहा बोरा के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया भाजपा विधायक ने नेहा बोरा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें कम्युनिस्ट विचारधारा वाली महिला बताया। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन विदेशी फंडिंग से पोषित होकर वह कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी काम कर रही हैं और दूसरों के इशारे पर काम कर रही हैं। बावन सिंह ने कहा कि नेहा बोरा अपने जीवन में कभी झांसी की रानी या बेगम हजरत महल नहीं बन पाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश और अन्य जगहों की परिस्थितियों का हवाला देकर भारत में भी वैसा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। युवाओं को बताया राष्ट्रभक्त विधायक ने कहा कि भारत का बुद्धिजीवी वर्ग, जेन-जी और युवा वर्ग राष्ट्रभक्त है और देश के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने को तैयार है। उन्होंने नेहा बोरा पर दूसरों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के युवा किसी भी कथित दुष्प्रचार से प्रभावित नहीं होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)