विदेश में नौकरी के नाम पर 2.30 करोड़ की ठगी:देवरिया के 450 लोगों को इंडोनेशिया-सिंगापुर का झांसा, पुलिस बोली- दबिश जारी
देवरिया में विदेश में नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर करीब 450 लोगों से 2.30 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। मंगलवार को मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित अपने घर और ठिकानों से फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों ने बुधवार रात शहर के त्रिपाठी कटरा समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन कोई आरोपित हाथ नहीं लगा। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हरपुर निजाम, तरकुलवा निवासी राजू पटेल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने यूनिक मैनेजमेंट सर्विस के मुख्य कर्मचारी आशीष कुमार, सीसी रोड स्थित त्रिपाठी कांप्लेक्स के मकान मालिक गजानंद त्रिपाठी और गायत्री डायग्नोसिस सेंटर देवरिया के कर्मचारीगण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ितों ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की मांग की है। विज्ञापन के जरिए यूनिक मैनेजमेंट सर्विस की मिली जानकारी राजू पटेल के अनुसार, उन्हें और उनके साथियों को विज्ञापन के जरिए देवरिया शहर स्थित यूनिक मैनेजमेंट सर्विस के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद वे सीसी रोड स्थित त्रिपाठी कांप्लेक्स के कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्हें इंडोनेशिया और सिंगापुर में नौकरी दिलाने के साथ वर्क वीजा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। शिकायत के मुताबिक, विदेश भेजने की प्रक्रिया में मेडिकल कराने, नौकरी दिलाने और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लोगों से अलग-अलग रकम ली गई। शिकायत में करीब 450 लोगों से कुल 2.30 करोड़ रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। त्रिपाठी कटरा और किराए के मकानों पर पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं। बुधवार रात पुलिस टीमों ने त्रिपाठी कटरा के अलावा शहर में कर्मचारियों के किराए के मकानों और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, पुलिस को आरोपितों का पता नहीं चला। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस बोली- लगातार दबिश, जल्द होगी गिरफ्तारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)