विधानसभा अध्यक्ष के आवास के बाहर बुजुर्ग का धरना:कानपुर में नगर निगम की अनदेखी से नाराज, बोले- मेरे साथ अपमानित व्यवहार हुआ है
कानपुर में नगर निगम की समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज दिव्यांग बुजुर्ग शनिवार को लालबंगला स्थित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। पनकी के रतनपुर निवासी प्रदीप श्रीवास्तव का आरोप है कि वह छह महीने से नगर निगम और विधानसभा अध्यक्ष के आवास के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई। सुबह 10 बजे शुरू हुआ धरना शाम तक जारी रहा। पुलिस उन्हें समझाने के बाद चौकी ले गई, लेकिन वहां से लौटते ही वह दोबारा धरने पर बैठ गए और समाधान होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने और गंदगी की शिकायत प्रदीप श्रीवास्तव भारत दिव्यांग सेवा के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। उनका आरोप है कि 29 नवंबर को प्रमिला सभागार में ग्लोबल कॉरपोरेशन का वार्षिक अधिवेशन होना है, लेकिन नगर निगम इसकी अनुमति नहीं दे रहा है। वहीं, जीटी रोड स्थित द्वारिकापुरी में विश्व दिव्यांग दिवस का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रदीप का कहना है कि कार्यक्रम स्थल के आसपास कूड़े के ढेर और अतिक्रमण के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक भी है। आए दिन बच्चे और बुजुर्ग इनके काटने से घायल होते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। आश्वासन मिला, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई प्रदीप के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से समस्याओं की शिकायत की थी। उस समय उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हुईं। उनका आरोप है कि अब विधानसभा अध्यक्ष उनसे मिलने से भी इनकार कर देते हैं। छह महीने तक चक्कर काटने के बाद उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। प्रदीप का आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष के कार्यकर्ताओं के इशारे पर पुलिस उन्हें जबरन उठाकर चौकी ले गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माने। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, जिसके बाद वह फिर धरने पर बैठ गए। पुलिसकर्मी उन्हें लगातार समझाते रहे। बाद में वह कुर्सी पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। नगर निगम से बातचीत का दावा विधानसभा अध्यक्ष के पीआरओ आशीष शर्मा उर्फ शानू शर्मा ने बताया कि जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने प्रदीप को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह धरना खत्म करने को तैयार नहीं हुए। उनके मुताबिक, संबंधित मामले में नगर निगम से बातचीत भी हुई है। इसके बावजूद प्रदीप धरना समाप्त नहीं कर रहे हैं। प्रदीप श्रीवास्तव का कहना है कि जब तक समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वह धरने से नहीं हटेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)