विधानसभा चुनाव से पहले लिटमस टेस्ट:CM योगी कल बरेली में करेंगे चुनावी शंखनाद, 9 जिलों के शिक्षक जुटेंगे

Oct 12, 2026 - 15:00
0
विधानसभा चुनाव से पहले लिटमस टेस्ट:CM योगी कल बरेली में करेंगे चुनावी शंखनाद, 9 जिलों के शिक्षक जुटेंगे
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव सियासी दलों के लिए बड़ा लिटमस टेस्ट बन गया है। इस चुनाव के जरिए चुनावी शंखनाद करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली आ रहे हैं। वे बरेली क्लब ग्राउंड में दोपहर 2 बजे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के लिए शिक्षकों से समर्थन मांगेंगे। दो मंडलों के 9 जिलों से जुटेंगे हजारों शिक्षक इस जनसभा में बरेली और मुरादाबाद दोनों मंडलों के कुल 9 जिलों- बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर और संभल- से हजारों शिक्षक शामिल होंगे। शिक्षक वर्ग को साधकर भाजपा न केवल एमएलसी सीट पर अपनी पकड़ मजबूत रखना चाहती है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी बड़ा राजनीतिक माहौल तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है। बैलेट पेपर से इम्तिहान, विपक्ष के लिए अग्निपरीक्षा यह चुनाव बैलेट पेपर से कराया जा रहा है, जिसे लेकर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। एक तरफ जहां आगामी विधानसभा चुनाव ईवीएम के जरिए होंगे, वहीं विपक्ष लंबे समय से बैलेट पेपर से वोटिंग की मांग उठाता रहा है। ऐसे में यह चुनाव विपक्ष के दावों की जमीनी हकीकत परखने का जरिया बनेगा, तो वहीं भाजपा के लिए अपनी मौजूदा सीट बचाए रखना साख का सवाल बन चुका है। सिटिंग एमएलसी बनाम पुराना चेहरा: मुकाबला कांटे का मुकाबले की बात करें तो भाजपा ने अपने मौजूदा एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। उनके सामने समाजवादी पार्टी ने हाजी दानिश अख्तर पर दांव लगाया है, जो पिछली बार भी चुनाव मैदान में मजबूती से लड़े थे। दोनों दलों के बीच इस बार भी सीधा और कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। साढ़े तीन घंटे का दौरा, ग्राम प्रहरियों का भी करेंगे सम्मान मुख्यमंत्री का बरेली दौरा कुल साढ़े तीन घंटे का रहेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार बरेली आगमन के बाद वे सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंचेंगे, जहां ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद वे करीब आधा घंटा सर्किट हाउस में रुकेंगे और फिर दोपहर ठीक 2 बजे बरेली क्लब मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3:30 बजे वे यहां से सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। छावनी में तब्दील जनसभा स्थल, आला अफसर मुस्तैद सीएम के दौरे को देखते हुए बरेली क्लब मैदान को सजाया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडीजी, कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और शहर में वीआईपी मूवमेंट के तहत रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User