विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा:मिर्जापुर में ग्रामीण को 4 गुना, शहरी को 2 गुना सर्किल रेट
विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच किसानों के मुआवजे को लेकर सोमवार को महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की ओर से गठित क्रय कमेटी की बैठक राजकीय इंटर कॉलेज महुवारिया के सभाकक्ष में हुई। इसमें तहसील सदर क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे से प्रभावित 55 गांवों के काश्तकारों को भूमि के मुआवजे की दरों की जानकारी दी गई। बैठक में तय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में भूमि की प्रकृति के अनुसार सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा किसानों को दिया जाएगा। वहीं शहरी क्षेत्र में भूमि के लिए सर्किल रेट का दो गुना मुआवजा निर्धारित किया गया है। इससे एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि देने वाले किसानों को उनकी जमीन का उचित प्रतिकर मिलने का रास्ता साफ हुआ है। क्रय कमेटी ने यह भी निर्णय लिया कि भूमि पर मौजूद संरचनाओं और भवनों का मूल्यांकन वर्तमान दरों के आधार पर किया जाएगा। अधिकारियों ने प्रभावित काश्तकारों को मुआवजे की प्रक्रिया और निर्धारित दरों के संबंध में जानकारी दी। विंध्य एक्सप्रेस-वे को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके निर्माण के लिए तहसील सदर के 55 गांव प्रभावित हो रहे हैं। भूमि क्रय और मुआवजे की प्रक्रिया में किसानों की सहमति और निर्धारित दरों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)