विंध्य महोत्सव में कलाकारों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा:मिर्जापुर में मुंबई की मानसी, आजमगढ़ के हृदय समेत कई कलाकारों ने दी प्रस्तुति

Oct 20, 2026 - 08:39
0
विंध्य महोत्सव में कलाकारों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा:मिर्जापुर में मुंबई की मानसी, आजमगढ़ के हृदय समेत कई कलाकारों ने दी प्रस्तुति
मिर्जापुर में शारदीय नवरात्र पर विंध्याचल में आयोजित 9 दिवसीय विंध्य महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर लोक संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। कलाकारों ने गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विंध्य क्षेत्र की लोक परंपराओं और भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। प्रस्तुतियों पर दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया ने मां विंध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मां विंध्यवासिनी के जयकारों के बीच कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। नवरात्र के दौरान आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का माध्यम बन रहा है। इसके जरिए स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिल रहा है। तीन तस्वीरें देखें कई जिलों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति सांस्कृतिक कार्यक्रम में सूरज कुमार, मुंबई की मानसी रघुवंशी, आजमगढ़ के हृदय मिश्र और मोहन मिश्र, अयोध्या के सत्यांशु पटेल, लखनऊ के सुजीत तिवारी और शिप्रा, मिर्जापुर के मनीष शर्मा, रागिनी चंद्रा और कीर्ति साहनी, प्रयागराज की प्रतिमा मिश्रा, भदोही के शेषमणि तथा सतीश कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से दर्शकों को विंध्य की लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं से रूबरू कराया। अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और उनकी टीम के सदस्यों को जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया तथा उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी पर्यटन जूही प्रसाद ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य विंध्याचल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी और संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद के रूपेश श्रीवास्तव, अंजू मौर्या सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User