विंध्याचल के अखाड़ा घाट पर हुई भव्य गंगा आरती:साबुन-शैंपू और कचरा नदी में न डालने की हुई अपील

Oct 15, 2026 - 09:33
0
विंध्याचल के अखाड़ा घाट पर हुई भव्य गंगा आरती:साबुन-शैंपू और कचरा नदी में न डालने की हुई अपील
मिर्जापुर के विंध्याचल के अखाड़ा घाट पर बुधवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर मोक्षदायिनी मां गंगा सेवा समिति की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद मां गंगा की आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। मुख्य अतिथि मनोज जायसवाल ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना की प्रतीक हैं। उनकी आरती में शामिल होना सौभाग्य की बात है। गंगा की निर्मलता और पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसके लिए केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनभागीदारी भी जरूरी है। समाज के हर व्यक्ति को स्वच्छता की जिम्मेदारी समझते हुए सरकार के प्रयासों में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान के दौरान साबुन और शैंपू का इस्तेमाल नहीं करने तथा घरेलू कचरा और अपमार्जक सामग्री नदी में नहीं प्रवाहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भाव भी जरूरी है। गंगा आरती के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने इच्छा जताई कि गंगा तट के सभी प्रमुख घाटों पर नियमित रूप से आरती होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और स्वच्छता के प्रति प्रेरित हों। समिति के सचिव रामलाल साहनी और कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2009 से लगातार मां गंगा की आरती कराई जा रही है। श्रद्धालुओं और गंगा सेवकों के सहयोग से यह परंपरा जारी है। गंगा आरती प्रमुख सोना द्विवेदी ने कहा कि आरती से आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में मदद मिलती है। इस दौरान साजन साहनी ने मनोज जायसवाल को मां गंगा की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में गोविंदा साहनी, नीरज साहनी, राजू साहनी, सचिन साहनी, राहुल, अर्जुन साहनी, पवन साहनी, मंटू, मनोज गुप्ता और विकास साहनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User