विंध्याचल में 222 कैमरों और 4 ड्रोन से होगी निगरानी:10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र, सुरक्षा में PAC, RAF और ATS की तैनाती

Oct 11, 2026 - 07:28
0
विंध्याचल में 222 कैमरों और 4 ड्रोन से होगी निगरानी:10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र, सुरक्षा में PAC, RAF और ATS की तैनाती
विंध्याचल में शारदीय नवरात्र मेला 11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा। मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शनिवार को डीएम पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने सैमफोर्ड पब्लिक स्कूल में ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान सभी को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। पुलिस-प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को सुपर जोन मानते हुए 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह को मेला व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है। क्षेत्राधिकारी नगर एवं मेला अमित कुमार को पुलिस मेला अधिकारी और निरीक्षक अरविंद मिश्र को मेला प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। PAC, RAF और ATS भी संभालेंगे सुरक्षा मेले में निगरानी के लिए 222 कैमरे और 4 ड्रोन लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और एटीएस की तैनाती की गई है। इसके अलावा फायर टेंडर, क्रेन, गुंडा दमन दल, एंटी चेन स्नैचर स्क्वॉड के साथ पर्याप्त संख्या में होमगार्ड और पीआरडी जवान भी तैनात रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 10 एंटी रोमियो टीमें महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 10 एंटी रोमियो टीमों को लगाया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सादे कपड़ों और वर्दी, दोनों में लगाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 22 पार्किंग स्थल और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर यातायात संबंधी जानकारी देने के लिए क्यूआर कोड संकेतक भी लगाए गए हैं। गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित, समय से ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश डीएम और एसपी ने पुलिसकर्मियों को मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और मां कालीखोह के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी पुलिसकर्मियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने और अनुमति के बिना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए। बिछड़े श्रद्धालुओं को खोया-पाया केंद्र पहुंचाएंगे पुलिसकर्मी अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मेले में कोई श्रद्धालु बिछड़ जाए तो उसे खोया-पाया केंद्र या पुलिस सहायता केंद्र तक पहुंचाया जाए। बीमार होने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। बैठक में एडीएम विनोद कुमार सिंह, एएसपी योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, एसडीएम महेंद्र सिंह, अजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User