वित्त विहीन शिक्षकों को दिलाएंगे सेवा सुरक्षा:पर्चा दाखिल करने के बाद बोले प्रत्याशी; पुरानी पेंशन की मांग दोहरायी
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सोमवार को 13 दावेदारों ने नामांकन किए। इनमें 3 बार से इस सीट से जीत दर्ज कर रहे ध्रुव त्रिपाठी, पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अजय सिंह भी शामिल रहे। 18 साल से सदन में शिक्षकों का प्रतिनिधित्व कर रहे ध्रुव त्रिपाठी का कहना है कि वह शिक्षक हितों के लिए लड़ते रहेंगे। इस सरकार ने काफी अच्छा काम किया है और आगे जो समस्याएं आएंगी, उसे भी दूर कराया जाएगा। वहीं, अजय सिंह ने कहा कि जो शिक्षकों की बात करेगा, वहीं सदन में जाएगा। दोनों शिक्षक नेताओं ने दावा किया है कि वे वित्त विहीन शिक्षकों को सेवा सुरक्षा का लाभ दिलाएंगे। सभी ने एक बार फिर पुरानी पेंशन की मांग दोहरायी। ध्रुव त्रिपाठी ने दो सेटों में अपना नामांकन किया है। उनके साथ नामांकन स्थल पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के नेता एवं महानगर भाजपा के कुछ पदाधिकारी नजर आए। हालांकि नामांकन से पहले महाराणा प्रताप इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित सभा में प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व एके शर्मा भी पहुंचे थे। प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय टीम के पदाधिकारी व कई जिलों से आए विधायक शामिल रहे।
ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि इस सरकार ने शिक्षकों के तमाम मुद्दों को हल किया है। आजादी के बाद ऐसा पहला अवसर है, जब किसी सरकार ने रसोइया से लेकर विश्वविद्यालय तक के शिक्षक व कर्मचारियों को निश्शुल्क चकित्सा सेवा का लाभ दिया है। विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन से आच्छादित करने का शासनादेश जारी हो चुका है। पहले शिक्षकों की जो पदोन्नति जेडी आफिस से होती थी, वह अब डीआईओएस के स्तर से हो जाएगी। 20 लाख रुपये की ग्रेच्युटी को 25 लाख कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराना है। हर वित्त विहीन स्कूल के शिक्षक को सेवा सुरक्षा दिलायी जाएगी। जब तक उन्हें पूरा वेतन नहीं दिया जा रहा है तबतक उन्हें सम्मानजनक मानदेय दिया जाए, यह कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन लागू हो, इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने कहा कि इस बार सभी शिक्षक मेरे संपर्क में हैं। मुझे भारी अंतर से जीत मिलेगी। मेरे साथ शिक्षकों का सैलाब आया है। यह सरकारी षडयंत्रों को साफ करने वाला है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षकों की बात करेगा,वो सदन में जाएगा। अजय सिंह ने कहा कि राजनीतिक पार्टियां डरी हुई हैं। इसीलिए कोई कमीशनबाज नेताओं को तो कोई व्यवसायी नेताओं को टिकट दे रहा है। अजय सिंह ने कहा कि सरकारी दलाली चल रही है। उन्हें डर है कि कोई शिक्षकों का प्रतिनिधि आ गया तो विरोध करेगा और उनकी पोल खुल जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता होगी शिक्षकों को समान काम का समान वेतन मिले। यदि ऐसा नहीं हो पा रहा है, फंड की कमी आ रही है तो कम से कम मिनिमम वेजेज एक्ट के तहत मानदेय दिया जाए। उन्होंने कहा वित्त विहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लागू करवाया जाएगा। शिक्षक को अनाथ छोड़ दिया गया है, उसे यह लाभ दिलाया जाएगा। अजय सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षकों के बुढ़ापे का सहारा है, हम उसे लेकर रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)