यूपी में 17 अक्टूबर तक बारिश के आसार:वाराणसी समेत 37 जिलों में अलर्ट; किसानों को सतर्क रहने की सलाह
यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी शुक्रवार को 37 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। वहीं गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, वाराणसी और सहारनपुर समेत 20 शहरों में आंधी-बारिश हुई। नोएडा में आंधी से 7 मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई। चपेट में आने से पार्किंग में खड़ी 14 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कासगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें महिला, उसकी 9 साल की एक बेटी और देवर शामिल हैं। मथुरा में इतनी ज्यादा बारिश हुई कि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर पानी भर गया। लखनऊ में बिना बारिश के कचहरी मोड़ पर मंडलायुक्त कार्यालय के पास सड़क धंस गई। लखनऊ में मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ का असर यूपी में दिख रहा है। इसके चलते 17 अक्टूबर तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इधर, लखनऊ में बाढ़ मुसीबत बनी हुई है। गोमती का जलस्तर घटने जरूर लगा है, लेकिन फैजुल्लागंज इलाके में 3 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है। घरों में 19वें दिन भी 3-4 फीट पानी भरा है। गली-मोहल्लों में नावें चल रही हैं। डेंगू का खतरा भी बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में 10 नए केस सामने आए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)