यूपी में सबसे ऊंचे रावण का पुतला दहन:कानपुर में 90 फीट पुतले की आंखों से अंगारे निकलेंगे, 2 दशक से सलीम बना रहे हैं
कानपुर की परेड रामलीला सोसाइटी इस साल अपनी स्थापना के 150 साल पूरे कर रही है। मंगलवार को दशहरे पर परेड मैदान में 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके 10 सिर होंगे, जो 360 डिग्री तक घूमेंगे। आंखों से अंगारे निकलेंगे और दहन के दौरान 1000 से ज्यादा पटाखे धमाकों के साथ फूटेंगे। परेड मैदान में शाम 7 बजे रामलीला का मंचन शुरू होगा। रात 8 बजे आसमानी आतिशबाजी होगी, जिसमें प्रदेशभर से आए आतिशबाज अपनी कला दिखाएंगे। बेहतरीन आतिशबाजी करने वाले कलाकार को इनाम भी दिया जाएगा। रामलीला मंचन में श्रीराम के हाथों रावण वध के बाद रात 9:30 बजे पुतले का दहन होगा। इस बार विशाल रावण के साथ जयपुर के कारीगर सलीम खान भी आकर्षण का केंद्र हैं, जो पिछले 24 साल से यहां रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बना रहे हैं। 24 साल से रावण बना रहे सलीम खान परेड रामलीला सोसाइटी के लिए पिछले 24 साल से रावण का पुतला तैयार कर रहे जयपुर के कारीगर सलीम खान इस बार भी अपनी टीम के साथ कानपुर पहुंचे हैं। वह करीब दो महीने पहले ही पुतले बनाने का काम शुरू कर देते हैं। सलीम खान के मुताबिक, सोसाइटी उन्हें हर साल पुतले बनाने के लिए बुलाती है। इस काम में 30 से ज्यादा कारीगर जुटते हैं। उनकी टीम रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी तैयार करती है। बोले सलीम- यहां कभी हिंदू-मुस्लिम का अहसास नहीं हुआ सलीम खान का कहना है कि परेड रामलीला सोसाइटी के साथ काम करने की सबसे बड़ी वजह आपसी भाईचारा है। दशहरे पर उन्हें दूसरी जगहों से भी काम के ऑफर मिलते हैं, लेकिन वह इस सोसाइटी के साथ अपना काम जारी रखते हैं। उन्होंने कहा, 'रामलीला सोसाइटी परेड के साथ काम करने में कभी भी हिंदू-मुस्लिम जैसी भावना का अहसास नहीं हुआ। कर्मचारी से लेकर पदाधिकारी तक सभी भाईचारे के साथ काम करते हैं।'
सलीम के मुताबिक, सोसाइटी से उनका जुड़ाव केवल काम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास और सौहार्द का रिश्ता भी है। बाजार में बिक रहा 1 फीट का रावण कानपुर में इस बार बड़े रावण के साथ छोटे रावण की भी चर्चा है। शहर के गोल चौराहे के बाजार में एक फीट ऊंचे रावण के पुतले बिक रहे हैं। लोग इन्हें घरों की छतों और गलियों में दहन करने के लिए खरीद रहे हैं। ऐसे में कानपुर में दशहरे पर एक तरफ 90 फीट के विशाल रावण का दहन होगा, तो दूसरी तरफ लोग एक फीट के रावण को जलाकर भी पर्व मनाएंगे। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के पंचकूला में 200 फीट से अधिक ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, कानपुर में परेड मैदान का 90 फीट ऊंचा रावण अपनी खास तकनीक और आतिशबाजी के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)