यूपी में युवाओं-किसानों को फूड प्रोसेसिंग की ट्रेनिंग:यूनिट लगाने पर अनुदान भी मिलेगा, बेकरी-कन्फेक्शनरी और पाक-कला में एक साल का डिप्लोमा

Oct 13, 2026 - 21:12
0
यूपी में युवाओं-किसानों को फूड प्रोसेसिंग की ट्रेनिंग:यूनिट लगाने पर अनुदान भी मिलेगा, बेकरी-कन्फेक्शनरी और पाक-कला में एक साल का डिप्लोमा
उत्तर प्रदेश में युवाओं, युवतियों और किसानों को खाद्य प्रसंस्करण के जरिए रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी है। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के प्रशिक्षण केंद्रों पर बेकरी, कन्फेक्शनरी और पाक-कला समेत विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण लेने के बाद अभ्यर्थी फूड प्रोसेसिंग से जुड़ा काम शुरू कर सकेंगे। अपनी यूनिट लगाने वाले प्रशिक्षित लोगों को विभागीय अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने का भी मौका मिलेगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिलों में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम समय से पूरे कराए जाएं। उन्होंने प्रशिक्षण की लगातार निगरानी करने और प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा है। तीन तरह के प्रशिक्षण की व्यवस्था विभाग की ओर से बेकरी एवं कन्फेक्शनरी और कुकरी (पाक-कला) में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाते हैं। इन दोनों विधाओं में एक महीने का अंशकालीन प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इसके अलावा मंडल और जिला स्तर पर स्थापित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्रों पर खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में 15 दिन का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए इच्छुक युवक-युवतियों और किसानों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित काम सीखने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार इस क्षेत्र में काम शुरू कर आमदनी बढ़ा सकेंगे। 17 मंडल क्षेत्रों में प्रशिक्षण पर नजर विभाग ने आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर के राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्रों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रशिक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मिर्जापुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, सहारनपुर और चित्रकूट धाम के खाद्य प्रसंस्करण अधिकारियों तथा लखनऊ के फल संरक्षण अधिकारी को भी प्रशिक्षण कार्यक्रम तय समय में पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण के बाद यूनिट लगाने पर जोर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और इच्छुक अभ्यर्थियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलें। विभाग का जोर प्रशिक्षित युवाओं और किसानों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसाय की ओर प्रोत्साहित करने पर है। वे अपनी यूनिट स्थापित कर उपलब्ध अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User