युवक की मौत में पत्नी समेत 4 पर केस:बुलंदशहर से लौटे पुजारी पिता बोले- बहू और समधी ने समझौते के मांगे थे 10 लाख रुपए
हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में अनुपम मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने पत्नी समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक के बड़े भाई सर्वेश की तहरीर पर पत्नी सोनी पांडे, ससुर लक्ष्मी प्रताप पांडे, साले राजन पांडे और साले के बेटे हर्षित पांडे पर आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में सोमवार रात 8:08 बजे रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना कृष्णानगर कायस्थ टोला मोहल्ले की है। अनुपम एक आटा मिल में मुनीम थे। उनकी मां माधुरी के मुताबिक, सोमवार सुबह वह चाय देने कमरे में गईं तो अनुपम का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। अनुपम के पिता प्रमोद मिश्रा बुलंदशहर के एक मंदिर में पुजारी हैं। रात में घर लौटने पर बेटे का शव देखकर वह बदहवास हो गए। जेब से मिला सुसाइड नोट, साले पर लगाए आरोप पुलिस को अनुपम की पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। नोट में साले राजन पांडे को मुख्य आरोपी बताते हुए लिखा गया कि पत्नी अपने परिवार के कहने पर थाने, कचहरी और महिला आयोग में शिकायतें देकर उसे और उसके बीमार माता-पिता को परेशान कर रही थी। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। मुकदमे में समझौते के लिए 10 लाख मांगने का दावा अनुपम के पिता प्रमोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि बहू और समधी मुकदमे में समझौता करने के लिए 10 लाख रुपये मांग रहे थे। परिवार के मुताबिक, अनुपम और उसकी पत्नी के बीच पहले भी विवाद हुआ था। वर्ष 2022 में पत्नी मुकदमा दर्ज कराकर मायके चली गई थी। बाद में समझौता होने पर दोनों लखनऊ में रहने लगे, लेकिन कुछ समय बाद विवाद फिर शुरू हो गया।
बेटी के जन्म के बाद मारपीट का भी आरोप परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले अनुपम की दूसरी बेटी का जन्म हुआ था। इसके 10 दिन बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर आधी रात को उसके साथ मारपीट की थी। परिवार का दावा है कि उस समय अनुपम दीवार फांदकर वहां से भागकर अपनी जान बचाकर निकला था। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अंतिम संस्कार को लेकर भी पर्ची में लिखी बात परिजनों के अनुसार, अनुपम के पास एक दूसरी पर्ची भी मिली, जिसमें उसने अंतिम संस्कार अपने चचेरे भाई विवेक से कराने की बात लिखी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेनीगंज कोतवाली प्रभारी अतुल सिंह ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होने की पुष्टि की और बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)