युवक को ट्रक से कुचलने वाले ड्राइवर पर FIR:पुलिस ने ट्रक जब्त कर तलाश शुरू की, सड़क जाम कर परिजनों ने किया था हंगामा
महोबा के कबरई कस्बे में सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के पिता की शिकायत पर ट्रक नंबर यूपी 90 टी 6795 के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बांदा रोड पर हुआ था। किदवई नगर निवासी नुज कुमार साहू (21) घर से बाजार में सामान लेने निकला था। इसी दौरान महोबा की ओर से उल्टी दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अनुज की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया था। ट्रक छोड़कर मौके से फरार हुआ चालक प्रत्यक्षदर्शी योगेश कुमार साहू और केशव प्रसाद समेत अन्य लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद मौके पर भीड़ जुट गई थी। भीड़ को देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। अब वाहन के नंबर और चालक की पहचान के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा मृतक के पिता संतोष उर्फ संतु साहू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। धारा 281 लापरवाही से वाहन चलाने और धारा 106(1) लापरवाही से हुई मौत से संबंधित है। हाईवे पर जाम लगाकर जताया था विरोध अनुज की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया था। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। हादसे के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल रहा। ट्रक की नंबर प्लेट को लेकर भी सवाल कबरई थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। ट्रक की नंबर प्लेट मिटाए जाने और वाहन के उल्टी दिशा में चलने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें… महोबा में तेज रफ्तार डंपर ने युवक को रौंदा:मौके पर ही मौत, शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम महोबा के कबरई में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बांदा रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने पैदल जा रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हादसा कबरई थाना क्षेत्र में बांदा रोड पर हुआ। पढ़ें पूरी खबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)