युवती से छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने पीटा, VIDEO:प्रतापगढ़ में महिला पुलिसकर्मी ने डंडे से की पिटाई, CCTV फुटेज से पहचान हुई
प्रतापगढ़ में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एंटी रोमियो टीम दोनों को नगर कोतवाली ले गई। इस दौरान आरोपियों की पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों युवक हाथ जोड़कर और लंगड़ाते हुए चलते दिखाई दे रहे हैं, जबकि महिला पुलिसकर्मी उन्हें डंडे से पीटती नजर आ रही हैं। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के भंगवा चुंगी चौराहे का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2:33 बजे छात्रा भंगवा चुंगी चौराहे पर मौजूद थी। आरोप है कि बाइक सवार दो युवक उसके आसपास कई बार चक्कर लगाने लगे। उन्होंने छात्रा से मोबाइल नंबर मांगा और अभद्र व्यवहार किया। परेशान छात्रा पास में स्थित पुलिस चौकी पहुंची और पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। उसे चौकी की ओर जाता देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान सुभाष पाल पुत्र दिनेश पाल निवासी अकारीपुर, थाना मांधाता और दक्ष पाल पुत्र शोभनाथ निवासी भवानीगढ़ ताला, थाना रानीगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक मुंबई में रहकर ओला कैब चलाता है और कुछ दिन पहले ही घर आया था। आरोप है कि वह अपने रिश्तेदार सुभाष पाल के साथ भूपियामऊ के पास शराब पीने गया था। इसके बाद दोनों बाइक से निकले और रास्ते में महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी की। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अलग से पुष्टि नहीं की गई है। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम नगर कोतवाली क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने बाइक सवार दो युवकों को महिलाओं और लड़कियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए पाया था। उनके खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)