राहुल के 'आर्थिक आपदा' बयान पर मोदी का पलटवार, बोले- भारत सही रास्ते पर!
FICCI के शताब्दी सम्मेलन में पीएम मोदी ने राहुल गांधी के आर्थिक आपदा वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत सही रास्ते पर है और 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 19 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देश की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए 'आर्थिक आपदा' वाले बयान पर पलटवार किया है। बुधवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए सरकार की नीतियों और इच्छाशक्ति का मजबूत होना जरूरी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में नीतियों और नियत दोनों की कमी थी। उनके मुताबिक, देश को आगे बढ़ाने के लिए अपनी कमियों को पहचानना और लगातार सुधार करना जरूरी है।
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए थे आरोप
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में देश की अर्थव्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भारत आर्थिक आपदा के दरवाजे पर खड़ा है। राहुल गांधी ने बेरोजगारी, पेपर लीक, छोटे कारोबारियों की परेशानियों और आर्थिक असमानता बढ़ने को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।
कारोबारियों से की इंडिया फर्स्ट की अपील
FICCI के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत और कारोबारियों से 'इंडिया फर्स्ट' को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमियों, उद्योगों, करदाताओं और संपत्ति बनाने वालों का सम्मान करके ही देश आगे बढ़ सकता है। प्रधानमंत्री ने कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने से व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)