1.75 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार:प्रयागराज में सप्लाई देने जा रहा था, ANTF ने लखनऊ के चौक इलाके से पकड़ा

Oct 15, 2026 - 12:01
0
1.75 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार:प्रयागराज में सप्लाई देने जा रहा था, ANTF ने लखनऊ के चौक इलाके से पकड़ा
प्रयागराज की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की प्रयागराज यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लखनऊ में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा निवासी बिलाल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपए बताई गई है। टीम ने एक अपाचे मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 600 रुपए भी बरामद किए हैं। ANTF के मुताबिक, बिलाल प्रयागराज, प्रतापगढ़, लखनऊ और उन्नाव समेत कई जिलों में हेरोइन की सप्लाई करता था। वह बाराबंकी से हेरोइन लेकर लखनऊ पहुंचा था। यहां से उसे प्रयागराज के एक तस्कर को खेप देनी थी। चौक इलाके में घेराबंदी कर पकड़ा ANTF प्रयागराज के सीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिलाल के लखनऊ पहुंचने और वहां से हेरोइन की सप्लाई करने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रयागराज यूनिट की टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। टीम ने लखनऊ के भीड़भाड़ वाले चौक थाना क्षेत्र में शाम करीब 4:30 बजे घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से करीब 900 ग्राम हेरोइन मिली। जांच में सामने आया है कि बिलाल पहले भी हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बावजूद वह दोबारा इस धंधे में सक्रिय हो गया था। ANTF अब पता लगा रही है कि उसे हेरोइन कहां से मिलती थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रयागराज यूनिट की ओर से लखनऊ में तस्कर की गिरफ्तारी को राजधानी में दूसरी ऐसी कार्रवाई बताया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येंद्र प्रधान, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश राय, हेड कांस्टेबल शशि सिंह, कांस्टेबल आशीष यादव और कांस्टेबल नीरज पांडे शामिल रहे। कोडीन सिरप की 250 पेटियों के मामले की भी जांच मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क की जांच के बीच ANTF ने करीब पांच दिन पहले कानपुर में कथित अवैध कोडीन सिरप की 250 पेटियां बरामद की थीं। इस मामले में बिहार निवासी मिहिर ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर माल को आशुतोष त्रिपाठी उर्फ प्रवेश त्रिपाठी से जुड़ा बताया था। इस मामले में दिल्ली और अन्य राज्यों में सक्रिय लोगों के नाम सामने आने की बात कही गई है। ANTF इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। हालांकि, पूरे नेटवर्क का विस्तृत खुलासा अभी बाकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User