1 अक्टूबर को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक:बढ़ेगा पुनरीक्षित बजट, बारिश से खराब सड़कें और जलभराव होंगे एजेंडे में
लखनऊ नगर निगम अपना पुनरीक्षित बजट बढ़ाएगा। इसमें बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत और जलभराव से राहत के कामों के लिए अतिरिक्त बजट रखा जाएगा। मेयर सुषमा खर्कवाल ने 1 अक्टूबर को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। बैठक में पुनरीक्षित बजट पेश किया जाएगा। अधिकारी इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बजट मंजूर होने के बाद शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत के काम शुरू किए जाएंगे। सड़क निर्माण और मरम्मत पर फोकस शहर में नई सड़कों के निर्माण के लिए मूल बजट में सिर्फ 50 लाख रुपए का प्रावधान था, जिसे अब 30 गुना बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है। सड़कों के पैचवर्क, मरम्मत और नवीनीकरण का बजट 27.10 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 33.10 करोड़ रुपये किया जा रहा है। इसके अलावा मूल बजट में पैचवर्क के लिए रखे गए 10 करोड़ रुपये अलग से उपलब्ध रहेंगे। सिफारिश वाले काम के लिए 40 करोड़ विधानसभा, विधान परिषद और शासन स्तर से मिलने वाले सिफारिशी विकास कार्यों का बजट 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 40 करोड़ रुपये किया जा रहा है। इसी मद में महापौर और नगर आयुक्त की निधि में भी 10-10 करोड़ रुपये की बढ़त शामिल की गई है। सीएम ग्रिड योजना के तहत बनने वाली हाई-टेक सड़कों के लिए बजट 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 40 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। नगर निगम स्कूलों का कायाकल्प नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों को स्मार्ट बनाने, उनकी इमारतों की मरम्मत, आपदा प्रबंधन सुविधाओं और स्मार्ट क्लासेस के विस्तार के लिए बजट 10 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये किया जा रहा है। नगर निगम की संपत्तियों की बाउंड्री वॉल निर्माण का बजट 10 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये प्रस्तावित किया गया है। पार्कों की रंगाई-पुताई, हरियाली और सौंदर्यीकरण का बजट 6 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपए किया जाएगा। शहर के विकसित क्षेत्रों में अतिरिक्त बुनियादी विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए के स्थान पर 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बारिश में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए बाढ़ पंपिंग, पुलिया निर्माण और नाला-नालियों के जल निकासी कार्यों के बजट में भी बड़ी बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)