हिस्ट्रीशीटर सतपाल पर NSA की कार्रवाई को सरकार की मंजूरी:बुलंदशहर डीएम ने शासन को भेजी थी रिपोर्ट; हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मुकदमे

Sep 25, 2026 - 12:04
0
हिस्ट्रीशीटर सतपाल पर NSA की कार्रवाई को सरकार की मंजूरी:बुलंदशहर डीएम ने शासन को भेजी थी रिपोर्ट; हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मुकदमे
बुलंदशहर में हत्या के मामले में जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर सतपाल उर्फ सत्ते उर्फ टोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत की गई कार्रवाई को उत्तर प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सरकार की मंजूरी की जानकारी सामने आई। सतपाल सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर के अलग-अलग थानों में गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामला 15 जुलाई 2026 का है। निजामपुर गांव निवासी प्रियांशू भाटी ने सिकंदराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता अजब सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने BNS की धाराओं में केस दर्ज कर मुख्य आरोपी सतपाल उर्फ सत्ते समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर बुलंदशहर जेल भेज दिया था। जमानत की कोशिश के बीच पुलिस ने की NSA कार्रवाई पुलिस के अनुसार जेल में बंद सतपाल लगातार अदालत से जमानत लेने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को आशंका थी कि उसके जेल से बाहर आने पर कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा से जुड़ी स्थिति बन सकती है। इसी के आधार पर सिकंदराबाद पुलिस ने 6 सितंबर 2026 को सतपाल के खिलाफ NSA की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की और जेल में उसे नोटिस दिया। डीएम ने शासन को भेजी थी रिपोर्ट NSA की कार्रवाई के बाद बुलंदशहर के जिलाधिकारी की ओर से आरोपी के संबंध में पूरी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी गई। अब प्रदेश सरकार ने NSA के तहत की गई कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मुकदमे सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि सतपाल सिकंदराबाद थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। सरकार की मंजूरी के बाद NSA की कार्रवाई के तहत उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User