10 लाख की रंगदारी मांगी, परिवार को हत्या की धमकी:आरोपी बोला- 10 बार जेल जा चुका हूं, मुकदमों से फर्क नहीं पड़ता; FIR दर्ज
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के देहली सुजानपुर में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक व्हाट्सएप नंबर धारक के खिलाफ थाना चकेरी में जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज और रंगदारी मांगने के आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। बुधवार सुबह 9:30 बजे जानकारी दी। कोयलानगर निवासी अंजलि सिंह ने बताया कि, बीती 12 अक्टूबर को उसके व्हाट्सएप नंबर पर लगातार कॉल और मैसेज आने लगे। आरोप है कि आरोपी ने उसके पिता विनोद कुमार सिंह, मां अनीता देवी और मामा को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उसके पिता की सुपारी लेने और 10 लाख रुपये लेकर किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी दी है। आरोपी ने पीड़िता के घर का सटीक पता बताते हुए उसे और उसके परिवार को डराया-धमकाया। लगातार धमकी भरे कॉल, अभद्र भाषा और आपत्तिजनक संदेशों से पूरा परिवार भयभीत है। 10 बार जेल जा चुका हूं, मुकदमों से फर्क नहीं पड़ता पीड़िता ने दी तहरीर में बताया- बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद के 10 बार जेल जाने और उसके खिलाफ 12 से अधिक मुकदमे चलने की बात कही। आरोप है कि उसने एक और हत्या का मुकदमा बढ़ने पर भी फर्क नहीं पड़ने तथा पुलिस द्वारा उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाने जैसी बातें कहकर धमकाया। अंजली सिंह ने थाना चकेरी पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबर के धारक अंकित कुमार के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)