11 किमी लंबी होगी नोएडा पुश्ता रोड:4 लेन बनेगी, 300 करोड़ खर्च; बाढ़ से बचाने को दोनों ओर 1.5 मीटर ऊंची दीवार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली और नोएडा से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए पुश्ता रोड का विस्तार किया जाएगा। सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक करीब 11 किलोमीटर लंबी सड़क को चार लेन का बनाया जाएगा। परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क के दोनों ओर पूरी लंबाई में 1.5 मीटर ऊंची दीवार बनाई जाएगी। तकनीकी रूप से इसे ड्राफ्ट वॉल कहा जा रहा है। इससे सड़क को मजबूत करने के साथ बाढ़ के दौरान पानी के दबाव से पुश्ता को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के जीएम आरके अरोड़ा ने बताया कि पुश्ता को मजबूत करने के लिए सिंचाई विभाग ने तीन विकल्प दिए थे। इनमें स्टोन पिचिंग, आरसीसी वॉल और ड्राफ्ट वॉल तकनीक शामिल थी। प्राधिकरण ने ड्राफ्ट वॉल के विकल्प को मंजूरी दी है। अब सिंचाई विभाग करीब 15 दिन में इसकी डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को देगा। इसके बाद प्रस्ताव को बोर्ड के सामने रखा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगी रोड पुश्ता रोड का विस्तार सेक्टर-135 से शुरू होकर सेक्टर-150 तक किया जाएगा। चार लेन की यह सड़क आगे यमुना एक्सप्रेसवे से रोटरी के माध्यम से जोड़ी जाएगी। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एक नया लिंक तैयार होगा। प्रस्तावित कनेक्टिविटी से एयरपोर्ट की दूरी करीब 30 किलोमीटर रह जाएगी। नोएडा एक्सप्रेसवे पर घटेगा ट्रैफिक दबाव नई सड़क बनने से नोएडा एक्सप्रेसवे को भी वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। पुश्ता रोड के आसपास बने आईटी और इंडस्ट्रियल सेक्टर में काम करने वाले लोगों को यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए नोएडा एक्सप्रेसवे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दिल्ली से एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन भी इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। बाढ़ से भी मिलेगी सुरक्षा सड़क निर्माण के साथ पुश्ता को मजबूत करने का काम भी किया जाएगा। दोनों ओर 1.5 मीटर ऊंची ड्राफ्ट वॉल बनने से पुश्ता की संरचना को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। इससे यमुना में जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की स्थिति में सड़क और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा देने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)