गाजीपुर में कांग्रेस ने CEC का पुतला फूंका,इस्तीफे की मांग:SIR और मतदाता सूची को लेकर डीएम कार्यालय तक निकाला मार्च
गाजीपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 2 बजे सरजू पांडे पार्क से शुरू हुआ प्रदर्शन नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ता डीएम कार्यालय के सामने सड़क पर बैठ गए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के दो पुतले भी फूंके। पुतले रोकने को लेकर पुलिस से हुई छीना-झपटी प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतले फूंकने से रोकने का प्रयास किया। इसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच छीना-झपटी हुई। पुलिस ने पुतलों को कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने दोनों पुतले जला दिए। एक पुतला रायफल क्लब के सामने और दूसरा जिलाधिकारी कार्यालय के सामने फूंका गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां भी थीं। इन पर 'वोट चोर गद्दी छोड़' और 'सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' जैसे नारे लिखे थे। SIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से देशभर में करोड़ों मतदाता प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से न हटें, यह सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के फैसलों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर देशभर में विरोध कर रही है और गाजीपुर में प्रदर्शन इसी क्रम में किया गया। हाल में सामने आई एक रिपोर्ट में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी। रिपोर्ट में SIR, मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची प्रबंधन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख है। ज्ञापन देकर रखीं मांगें प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई गई। पुलिस की मौजूदगी में कुछ देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी होती रही। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से लौट गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)