11 ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोरी:शामली में किसानों के ट्यूबवेल बार-बार बन रहे निशाना, चोरों को पकड़ने की मांग
शामली के गांव लिसाढ़ में चोरों ने एक ही रात में 11 किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बेखौफ चोर ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर बिजली के उपकरणों समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। एक साथ कई ट्यूबवेलों में चोरी की घटना से किसानों में भारी आक्रोश है। पीड़ित किसानों ने पुलिस प्रशासन से चोरों को पकड़ने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने गांव लिसाढ़ निवासी किसान राम भजन, संदीप मलिक, मनोज मलिक, चंदर सिंह, चरण सिंह, विपिन मलिक और राजेंद्र सिंह समेत 11 किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोरों ने ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर वहां रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने अपने ट्यूबवेलों पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। एक ही रात में कई किसानों के ट्यूबवेलों पर चोरी होने की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। तीसरी-चौथी बार चोरी, किसानों को दोहरी मार पीड़ित किसानों का कहना है कि क्षेत्र में ट्यूबवेलों पर चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई किसानों के ट्यूबवेलों को चोर तीसरी और चौथी बार निशाना बना चुके हैं। बार-बार चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। सिंचाई के समय उपकरण चोरी होने से बढ़ी परेशानी वर्तमान में फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे में ट्यूबवेलों से बिजली के उपकरण और अन्य जरूरी सामान चोरी होने से किसानों के सामने सिंचाई की समस्या खड़ी हो गई है। चोरी के कारण आर्थिक नुकसान के साथ फसलों की देखभाल भी प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने पुलिस से खेतों में गश्त बढ़ाने, चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)