12 साल की छात्रा का शव कब्र से निकाला:कुशीनगर में SDM की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा, स्कूल में बेहोश हुई थी

Sep 25, 2026 - 20:14
0
12 साल की छात्रा का शव कब्र से निकाला:कुशीनगर में SDM की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा, स्कूल में बेहोश हुई थी
कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के रामपुर भाठ गांव की 12 साल की नेहा का शव मौत के दो दिन बाद शुक्रवार शाम करीब 5 बजे कब्र से बाहर निकाला गया। जिला अधिकारी के आदेश पर पडरौना एसडीएम न्यायिक सर्वेश कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शव निकलवाया। इस दौरान नेहा के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कूल में अचानक बेहोश हुई थी बच्ची नेहा बुधवार को रामपुर दहाउर चौराहे स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुअवा में अचानक बेहोश हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय स्कूल में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर परिजन उसे रामकोला सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने नेहा को मेडिकल कॉलेज पडरौना रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे ही थे कि उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने किया प्रदर्शन नेहा की मौत के बाद परिजन शव लेकर रामपुर दहाउर चौराहे पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के समय स्कूल में शिक्षक मौजूद नहीं थे। उनका कहना था कि स्कूल में कथित लापरवाही के कारण ही नेहा की तबीयत बिगड़ी। करीब ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद खड्डा एसडीएम संतराज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। बुधवार को नहर किनारे दफनाया था शव परिजनों ने बुधवार को ही गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खजूरिया नहर शाखा के किनारे नेहा के शव को दफना दिया था। बाद में मामला नए जिलाधिकारी संजय चौहान के संज्ञान में आया। उन्होंने पडरौना एसडीएम न्यायिक को शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नेहा का शव कब्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नेहा की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User