15 लाख नकद के साथ साइबर सिंडिकेट पकड़ा:15 लाख नकद और डिजिटल डेटा मिला, 3 गिरफ्तार, सरगना फरार

Oct 04, 2026 - 15:36
0
15 लाख नकद के साथ साइबर सिंडिकेट पकड़ा:15 लाख नकद और डिजिटल डेटा मिला, 3 गिरफ्तार, सरगना फरार
एसओजी, सर्विलांस और सिविल लाइन थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग साइटों के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजनपदीय साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रविवार सुबह बाइस ख्वाजा तिराहे के पास काले रंग की स्कॉर्पियो से एक युवक, एक युवती और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। कार से 15 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल, डेल लैपटॉप, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, गिरोह सोशल मीडिया पर पैसा दोगुना-तिगुना करने वाले फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद व्हाट्सऐप और डब्ल्यूएटीआई ऐप ग्रुप के जरिए गेमिंग आईडी-पासवर्ड दिए जाते थे। फर्जी क्यूआर कोड और म्यूल बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। ग्राहक पैसा निकालने की कोशिश करते तो आईडी ब्लॉक कर रकम हड़प ली जाती थी। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो से कानपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने बाइस ख्वाजा तिराहे के पास घेराबंदी की। स्कॉर्पियो को रोककर उसमें सवार एक युवक, एक युवती और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया गया। तलाशी में 15 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस को चार मोबाइल, लैपटॉप और कई दस्तावेज भी मिले हैं। महादेव, लोटस और MY99 गेम का डिजिटल डेटा मिला पुलिस को आरोपियों के पास से महादेव गेम, लोटस गेम, एमवाई99 गेम और एमवाई रेड्डी 99 से जुड़ा डिजिटल डेटा मिला है। इसमें व्हाट्सऐप और डब्ल्यूएटीआई ऐप ग्रुप, ग्राहकों की सूची, गेम आईडी, पासवर्ड, क्यूआर कोड और करोड़ों रुपये के डिजिटल लेनदेन की जानकारी शामिल है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को कम समय में ज्यादा रकम कमाने का लालच देता था। रकम जमा होने के बाद ग्राहक को भुगतान नहीं किया जाता था और उसकी गेमिंग आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी। झांसी का 25 हजार का इनामी सरगना फरार पुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य सरगना झांसी के राजीव नगर निवासी सुमित साहू है। उस पर झांसी से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। सुमित फर्जी सिम उपलब्ध कराने, अलग-अलग शाखाओं के संचालन और ठगी की रकम के बंटवारे का काम संभालता था। गिरोह के सदस्य कॉलिंग टीम और अलग-अलग शाखाएं चलाते थे। फर्जी गेमिंग पैनल, पासवर्ड और क्यूआर कोड तैयार करने, सोशल मीडिया विज्ञापन चलाने और म्यूल बैंक खातों की व्यवस्था की जाती थी। पुलिस फरार सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। 20 हजार का इनाम, लोगों से सतर्क रहने की अपील गिरफ्तार आरोपियों में झांसी के राजीव नगर निवासी करीब 23 वर्षीय प्रांजल राय के अलावा एक युवती और बाल अपचारी शामिल हैं। मामले में बीएनएस, आईटी एक्ट, सार्वजनिक जुआ अधिनियम और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी की ओर से 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन गेमिंग या बेटिंग में कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले विज्ञापनों और लिंक से बचने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User