18वें दिन AMU में आर-पार: साइन डाई के आसार:दोनों मुख्य गेट बंद, अब्दुल्ला कॉलेज में कक्षाएं-इंटरनल एग्जाम ठप; वीसी से दो दौर की वार्ता, छात्रों को फैसले का इंतजार

Oct 08, 2026 - 16:02
0
18वें दिन AMU में आर-पार: साइन डाई के आसार:दोनों मुख्य गेट बंद, अब्दुल्ला कॉलेज में कक्षाएं-इंटरनल एग्जाम ठप; वीसी से दो दौर की वार्ता, छात्रों को फैसले का इंतजार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्र संघ की बहाली और निलंबित छात्र यासिर फैहद का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को 18वें दिन आर-पार की स्थिति में पहुंच गया। डक पॉइंट पर धरना और नारेबाजी जारी रही। बाब-ए-सैयद और सैंचुरी गेट बंद रहे। कक्षाओं पर असर पड़ा। अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज में भी छात्राओं ने दोनों गेटों पर ताले लगा दिए। यहां कक्षाएं नहीं हुईं और इंटरनल परीक्षाएं भी नहीं हो सकीं। अब आंदोलन के अगले चरण को लेकर भी बड़ा संकेत सामने आया है। यदि वार्ता के बाद एएमयू इंतजामिया की ओर से छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं आता है तो कैंपस साइन डाई की ओर बढ़ सकता है। यानी विश्वविद्यालय को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने की स्थिति बन सकती है। 18 दिन से जारी आंदोलन में यह अब तक का सबसे बड़ा टकराव वाला मोड़ माना जा रहा है। 24 घंटे में दो दौर की वार्ता, आज फैसले की उम्मीद आंदोलन के बीच पिछले 24 घंटे में छात्र प्रतिनिधिमंडल की कुलपति प्रो. नैमा खातून से दो दौर की बातचीत हुई। बुधवार शाम और गुरुवार दोपहर हुई वार्ता में छात्रों ने चार प्रमुख मांगें रखीं—छात्र संघ की बहाली, यासिर फैहद का निलंबन वापस लेना, आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे खत्म करना और प्रॉक्टर को पद से हटाना। दो दौर की बातचीत के बाद छात्रों की ओर से संकेत मिला है कि कुलपति की तरफ से कुछ सकारात्मक संदेश मिले हैं। इसी आधार पर गुरुवार देर शाम तक इंतजामिया के किसी निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है। छात्रों का कहना है कि मांगों के पक्ष में ठोस फैसला आया तो धरना खत्म करने पर विचार किया जाएगा। यदि बात नहीं बनी तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। अब्दुल्ला कॉलेज में ताले, बच्चों को लेकर लौटे अभिभावक अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज में गुरुवार सुबह से ही छात्राओं ने दोनों गेट बंद कर दिए। कॉलेज में कक्षाएं नहीं हुईं और इंटरनल परीक्षाएं भी नहीं हो सकीं। बच्चों को छोड़ने पहुंचे अभिभावकों को भी वापस लौटना पड़ा। कुछ लोगों ने अंदर जाने का प्रयास किया तो छात्राओं ने उन्हें रोक दिया। गेटों पर छात्राओं की नारेबाजी और प्रदर्शन पूरे दिन चलता रहा। उधर डक पॉइंट पर भी छात्र लगातार नारे लगाते रहे। कैंपस के दोनों मुख्य गेट बंद रहने से सामान्य आवाजाही प्रभावित रही। सपा छात्रसभा ने दिया समर्थन, 48 घंटे का अल्टीमेटम इसी बीच समाजवादी पार्टी छात्रसभा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को डक पॉइंट स्थित धरना स्थल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे यासिर फैहद से मुलाकात कर छात्रों को समर्थन दिया। सपा नेताओं के मुताबिक यह दौरा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर किया गया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से कहा गया कि यदि अगले 48 घंटे में एएमयू प्रशासन छात्र संघ चुनाव की मांग और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के मामले में समाधान नहीं करता है तो समाजवादी छात्रसभा पूरे अलीगढ़ में प्रदर्शन करेगी। सपा जिला उपाध्यक्ष फैजान पठान ने भी छात्रों का समर्थन करते हुए एएमयू प्रशासन पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाई गई और मांगें नहीं मानी गईं तो अलीगढ़ की जनता को भी आंदोलन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एएमयू अलीगढ़ की जनता से जुड़ा संस्थान है और छात्रों के साथ अन्याय हुआ तो जनता उनके समर्थन में खड़ी होगी। आंदोलन का दायरा बढ़ा, अलीग नेताओं की आवाजाही जारी 18 दिन से चल रहे आंदोलन में अब छात्रों के साथ पूर्व छात्रों और राजनीतिक संगठनों की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। अलग-अलग अलीग छात्र नेताओं की धरना स्थल पर आवाजाही बनी हुई है। इससे आंदोलन का दायरा भी लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। छात्रों का रुख साफ है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं दो दौर की वार्ता के बाद अब सभी की निगाहें एएमयू इंतजामिया के संभावित फैसले पर हैं। 17 अक्टूबर के सर सैयद डे से पहले इंतजामिया पर दबाव आंदोलन ऐसे समय चल रहा है, जब 17 अक्टूबर को सर सैयद डे मनाया जाना है। यह एएमयू का सबसे प्रमुख आयोजन है। ऐसे में आंदोलन का लगातार जारी रहना आयोजन की तैयारियों के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। इंतजामिया के सामने आंदोलन खत्म कराने के साथ कैंपस की शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य करने और सर सैयद डे का आयोजन निर्विघ्न कराने की चुनौती है। गुरुवार को यदि सकारात्मक निर्णय आता है तो 18 दिन से चले आ रहे गतिरोध को खत्म करने का रास्ता खुल सकता है। लेकिन बात नहीं बनी तो आंदोलन साइन डाई की दिशा में बढ़ सकता है। फैसले पर टिकी निगाहें फिलहाल छात्र वार्ता से मिले सकारात्मक संकेतों के आधार पर इंतजामिया के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर सपा छात्रसभा के 48 घंटे के अल्टीमेटम ने आंदोलन को कैंपस से बाहर ले जाने का संकेत दे दिया है। फैसला हुआ तो 18 दिन का आंदोलन थम सकता है, लेकिन बात नहीं बनी तो एएमयू साइन डाई की ओर बढ़ सकता है। यही गुरुवार शाम विश्वविद्यालय के सामने सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User