बागपत में NHM संविदा कर्मचारियों सीएम को भेजा ज्ञापन:नियमितीकरण-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी

Oct 08, 2026 - 16:02
0
बागपत में NHM संविदा कर्मचारियों सीएम को भेजा ज्ञापन:नियमितीकरण-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी
बागपत में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने अपनी कई मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने ज्ञापन में नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन को अपनी दो प्रमुख मांग बताया है। संगठन का कहना है कि एनएचएम के तहत करीब चार लाख से अधिक संविदा कर्मचारी पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में संविदा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोरोना काल में भी कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जारी रखने में योगदान दिया। ज्ञापन में मांग की गई कि लंबे समय से सेवा दे रहे एनएचएम संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए और समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान मानदेय में तत्काल वृद्धि की जाए। इसके अलावा कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने की मांग की गई। संगठन ने महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देने, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा बहाल करने और संविदा कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र परिजन को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने और स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। 5, 6 और 7 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर विरोध के बाद 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार और आगे भी मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User