2 महीने से वेतन नहीं मिलने पर जताई नाराजगी:आजमगढ़ में NHM कर्मचारियों का CMO ऑफिस के बाहर धरना, कार्य बहिष्कार
आजमगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से बकाया वेतन जारी करने के साथ समान काम-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने पर जोर देते हुए कहा कि वे मरीजों की परेशानी नहीं बढ़ाना चाहते और मांगें मान ली जाएं तो हड़ताल वापस लेने को तैयार हैं। 5% की जगह 10% सालाना वेतन बढ़ोतरी की मांग कर्मचारियों ने कहा कि महंगाई को देखते हुए हर साल होने वाली 5% वेतन बढ़ोतरी को बढ़ाकर 10% किया जाए। इसके अलावा समान काम के लिए समान वेतन, लॉयल्टी बोनस, नियमितीकरण और कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी कुछ मांगों पर पहले सहमति बनने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक संबंधित पत्र जारी नहीं हुआ है। उन्होंने अन्य विभागों के कर्मचारियों को मिलने वाली वेतन बढ़ोतरी और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं NHM आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी देने की मांग की। जिले में करीब 1500 कर्मचारी तैनात कर्मचारियों के मुताबिक, आजमगढ़ जिले में NHM के तहत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की संख्या करीब 1500 है। ये कर्मचारी जिले के अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं दे रहे हैं। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार, पल्लवी मिश्रा, श्वेता देवी और ओपी जायसवाल समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने और बकाया वेतन जारी करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)