‘25 विधायक संपर्क में’ दावे पर सपा का पलटवार:सांसद राम शिरोमणि बोले- बीजेपी तोड़फोड़ कर हम पर लगा रही आरोप
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस दावे पर सियासत गरमा गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'समाजवादी पार्टी के 25 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं।' केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान पर समाजवादी पार्टी ने करारा पलटवार किया है। बलरामपुर में श्रावस्ती से सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए इन दावों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया है। सांसद राम शिरोमणि वर्मा का कहना है कि बीजेपी विधायकों और सांसदों को तोड़ने का काम कर रही है और अपने गलत कामों का आरोप दूसरों पर लगा रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सभी विधायक और सांसद पूरी तरह एकजुट हैं। उम्मीदवारों को साजिश के तहत हराया गया सपा सांसद ने लोकसभा चुनावों की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने सत्ता, धनबल और चुनाव आयोग की मदद से बेईमानी करके चुनाव जीता है। राम शिरोमणि वर्मा के मुताबिक, देश भर में ऐसी करीब 25 सीटें और उत्तर प्रदेश में 6 से 7 सीटें हैं, जहाँ महज़ 2000 वोटों से जीत रहे उम्मीदवारों को साजिश के तहत हराया गया। उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों पर दावा ठोकते हुए सपा सांसद ने कहा कि इस बार राज्य में बीजेपी की दाल नहीं गलने वाली है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। चुनाव आयोग और बीजेपी के कथित गठजोड़ के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाने के लिए विपक्ष ने अब सड़कों पर उतरने का फैसला किया है। सपा सांसद ने ऐलान किया कि 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद, संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक एक विशाल विरोध मार्च निकालेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)