28 दिन से चल रहा किसानों का धरना स्थगित:एसडीएम ने 30 अक्टूबर तक समाधान का दिया आश्वासन
अयोध्या जिले की मिल्कीपुर तहसील के बिरौली झाम गांव में लोहे का गेट गिराए जाने के विरोध में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के नेतृत्व में किसान 14 सितंबर से प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार शाम धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने समस्याओं के निस्तारण के लिए 30 अक्टूबर तक का समय मांगा। इसके बाद किसानों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। 25 अगस्त को गिराया गया था लोहे का गेट किसानों का आरोप है कि 25 अगस्त को एसडीएम के निर्देश पर मंजू देवी के मकान का लोहे का गेट गिरा दिया गया था। उनका कहना है कि गेट आबादी की जमीन पर बने मकान की सीमा के भीतर लगा था। इस मामले में मंजू देवी की दो बेटियों का भी पुलिस ने चालान कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया था। एसडीएम को सौंपा ज्ञापन भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव रमेश त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम को विभिन्न समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें मंजू देवी के मकान का गेट दोबारा लगवाने या परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तालाब की गाटा संख्या 708क में लगे 70 सरकारी पेड़ों को काटकर बेच दिया गया। इससे सरकारी राजस्व को करीब 1.75 लाख रुपये का नुकसान हुआ। किसानों ने संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। इसके अलावा गाटा संख्या 458 की सरकारी जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने और मंजू देवी की बेटियों के खिलाफ दर्ज न्यायिक मामले का निस्तारण करने की मांग भी उठाई गई है। समाधान नहीं हुआ तो फिर होगा प्रदर्शन किसानों ने चेतावनी दी है कि 30 अक्टूबर तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तहसील परिसर और जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)