सपा सांसद डिंपल यादव ने डीएम से मांगा हिसाब:मैनपुरी में पत्र लिखकर मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर कार्रवाई कहां तक पहुंची

Oct 11, 2026 - 18:11
0
सपा सांसद डिंपल यादव ने डीएम से मांगा हिसाब:मैनपुरी में पत्र लिखकर मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर कार्रवाई कहां तक पहुंची
मैनपुरी। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में कथित फर्जी और दोहरी मतदाता प्रविष्टियों का मामला फिर चर्चा में है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने रविवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले में अब तक हुई कार्रवाई, जांच के निष्कर्ष और जिम्मेदार लोगों पर की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। सपा की ओर से चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 कथित फर्जी या दोहराई गई मतदाता प्रविष्टियां होने का दावा किया गया है। सपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने 19 मई 2026 को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं की शिकायत की थी। इसमें 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के परीक्षण का हवाला देते हुए विधानसभा क्षेत्रवार संदिग्ध प्रविष्टियों का विवरण दिया गया था। अब पार्टी ने पूर्व में की गई शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। करहल में सबसे ज्यादा संदिग्ध प्रविष्टियों का दावा शिकायत में विधानसभा क्षेत्रवार संदिग्ध प्रविष्टियों का विवरण इस प्रकार दिया गया है। 107-मैनपुरी: 4,377 108-भोगांव: 4,379 109-किशनी: 4,692 110-करहल: 5,776 इस तरह चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 मतदाता प्रविष्टियों पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, ये आंकड़े सपा की शिकायत में किए गए दावे हैं। इनकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। जांच रिपोर्ट और कार्रवाई का ब्योरा मांगा डिंपल यादव की ओर से दिए गए पत्र में शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई, जांच की मौजूदा स्थिति और निष्कर्षों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यदि कार्रवाई में देरी हुई है, तो उसके कारण स्पष्ट करने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई गई है। पत्र में सभी संदिग्ध प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच कराने और फर्जी, दोहरी या अन्य त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियां प्रमाणित होने पर निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार करने की मांग की गई है। मतदाता सूची की शुद्धता निर्वाचन प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। अब मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही शिकायत में उठाए गए सवालों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User