2800 ग्रेड पे समेत मांगों को लेकर लेखपालों का प्रदर्शन:फतेहपुर में 17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
फतेहपुर में वर्षों से लंबित मांगों और वेतन विसंगतियों के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। शनिवार शाम 4:30 बजे सदर तहसील अध्यक्ष हरगोविंद के नेतृत्व में लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा। संघ ने मांगों पर समय से सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 17 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर में संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। 10 साल से 2800 ग्रेड पे की मांग लेखपाल संघ के मुताबिक, लेवल-5 यानी 2800 रुपये ग्रेड पे और वेतन विसंगति दूर करने की मांग पिछले 10 वर्षों से लंबित है। संघ का कहना है कि राजस्व परिषद की ओर से संस्तुति किए जाने के बावजूद शासन स्तर पर अभी तक निर्णय नहीं लिया गया है। 2700 लेखपाल 400 से 800 किमी दूर तैनात संघ ने पिछले आठ वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों के मुताबिक करीब 2700 लेखपाल अपने गृह जनपद और मंडल से 400 से 800 किलोमीटर दूर तैनात हैं। संघ ने अंतरमंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की है। पदोन्नति सूची और परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग लेखपालों ने चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने की मांग की। साथ ही नवनियुक्त लेखपालों की प्रशिक्षण परीक्षा के परिणाम घोषित नहीं होने से स्थायीकरण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। 16 साल से भत्तों में वृद्धि नहीं होने का दावा संघ ने कहा कि पिछले 16 वर्षों से लेखपालों के भत्तों में वृद्धि नहीं हुई है। स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 500 रुपये, नियत यात्रा भत्ते के स्थान पर 1,500 रुपये प्रतिमाह मोटरसाइकिल/वाहन भत्ता और 1,000 रुपये प्रतिमाह विशेष भत्ता देने की मांग की गई है। अतिरिक्त प्रभार देने का भी विरोध लेखपाल संघ ने कहा कि परिषद के आदेशों के बावजूद लेखपालों को पटल सहायक या प्रभारी राजस्व निरीक्षक के रूप में संबद्ध कर अतिरिक्त काम लिया जा रहा है। इससे उनके मूल कार्य प्रभावित हो रहे हैं। संघ ने अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की। लेखपाल संघ ने कहा कि सभी मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)