3 दिन की बारिश से धान-बाजरा की फसल खराब:इटावा कृषि विभाग ने सर्वे शुरू किया, 25% तक नुकसान का अनुमान; बीमित किसानों को मिलेगी भरपाई
इटावा जिले में बीते दिनों लगातार तीन दिन हुई बारिश से खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को नुकसान हुआ है। धान और बाजरा की फसल बारिश से प्रभावित हुई है। नुकसान का आकलन करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने खेतों में सर्वे शुरू किया है। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को राहत सहायता पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। शुरुआती आकलन में फसलों को करीब 25 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचने का अनुमान है। जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि चालू खरीफ सीजन में जिले में करीब एक लाख 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बोई गई हैं। इनमें करीब 66 हजार हेक्टेयर में धान और 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बाजरा की खेती की गई है। बारिश के बाद दोनों फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति सामने आई है। 15 हजार हेक्टेयर धान और 7 हजार हेक्टेयर बाजरा प्रभावित कृषि विभाग के अनुसार बारिश से करीब 15 हजार हेक्टेयर धान की फसल प्रभावित होने की संभावना है। वहीं करीब 7 हजार हेक्टेयर बाजरा की फसल में नुकसान का अनुमान लगाया गया है। विभाग की टीमें खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति और नुकसान का आकलन कर रही हैं। बीमा कंपनी की टीमें भी कर रहीं सर्वे दो दिन की बारिश के आधार पर कृषि विभाग ने करीब 25 प्रतिशत फसल क्षति का अनुमान लगाया है। विभागीय सर्वे के साथ बीमा कंपनी की टीम भी प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर रही है। जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है, सर्वे में नुकसान की पुष्टि होने के बाद उन्हें नियमानुसार बीमा कंपनी से क्षतिपूर्ति दी जाएगी। सामान्य से 120% अधिक बारिश दर्ज जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 120 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। अगस्त और सितंबर में भी बारिश सामान्य से अधिक रही। लगातार हुई बारिश का असर खरीफ फसलों पर पड़ा है और इसी के आधार पर विभाग नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)