3 कोटेदारों की दुकानें का लायसेंस रद्द:मिल्कीपुर एसडीएम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई, अंगूठा लगवाकर राशन न देने का आरोप

Oct 11, 2026 - 14:22
0
3 कोटेदारों की दुकानें का लायसेंस रद्द:मिल्कीपुर एसडीएम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई, अंगूठा लगवाकर राशन न देने का आरोप
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में राशन वितरण में अनियमितता और ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद लाभार्थियों को खाद्यान्न नहीं देने के मामलों में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन शर्मा ने तीन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों को निलंबित कर दिया है। इन दुकानों से जुड़े लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराने के लिए उनके कार्ड पड़ोस की उचित दर की दुकानों से संबद्ध कर दिए गए हैं। अमानीगंज विकासखंड की घटौली, किनौली और अस्थना ग्राम पंचायतों में राशन वितरण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। वहीं मिल्कीपुर विकास खण्ड क्षेत्र के किनौली ग्राम पंचायत की दर्जनों महिलाओं ने तहसील समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन ऋषु राजा से शिकायत की थी कि कोटेदार ने तीन महीने से उन्हें राशन नहीं दिया है, जबकि ई-पॉस मशीन पर उनका अंगूठा लगवा लिया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित निरीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी तरह घटौली ग्राम पंचायत के कोटेदार पर भी मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद राशन नहीं देने का आरोप लगा था। अस्थना ग्राम पंचायत में भी लाभार्थियों से अंगूठा लगवाकर खाद्यान्न नहीं देने की शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तीनों मामलों की जांच कराई गई। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद संबंधित दुकानों के निलंबन की कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने रविवार को बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। लाभार्थियों को राशन मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए दुकानों को पड़ोस की उचित दर की दुकानों से संबद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की एक-दो अन्य ग्राम पंचायतों से भी अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं देने की शिकायतें मिली हैं। इन मामलों की भी जांच कराई जाएगी। शिकायतें सही मिलने पर संबंधित कोटेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User